मुंबई, 29 मई (आईएएनएस)। फिल्मकार किरण राव ने राम रेड्डी द्वारा निर्देशित राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता कन्नड़ फिल्म ‘तिथि’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की।
किरण राव द्वारा शनिवार को आयोजित स्क्रीनिंग में राजकुमार राव, हंसल मेहता, सयानी गुप्ता, आदिल हुसैन, श्रेया पिलगांवकर, राम संपत और सोना मोहपात्रा जैसे कलाकार उपस्थित थे।
कर्नाटक में सफल रही यह फिल्म तीन जून को अंग्रेजी उपशीर्षक के साथ भारत भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
किरण ने फिल्म को असाधाराण करार देते हुए कहा, “यह बहुत आकर्षक और मजेदार है। मुझे आशा है कि लोग इसे सिनेमागृहों में जाकर देखेंगे, क्योंकि मुझे लगता है कि यह एक ऐसी फिल्म है, जिसे हर किसी को देखना चाहिए।”
फिल्म की सराहना करते हुए राजकुमार ने कहा, “मुझे लगता है कि राम के करियर की यह सबसे अच्छी शुरुआत है, जो इससे बेहतर नहीं हो सकती थी।”
फिल्म निर्देशक ने ‘तिथि’ को समर्थन देने के लिए राव और फिल्मोद्योग से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया है।
फिल्म मुंबई फिल्म महोत्सव (मामी), 2015 में दिखाई गई, जहां फिल्म ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जूरी ग्रैंड पुरस्कार जीता।
कन्नड़ में फिल्म ने हाल ही में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार 2016 जीता और कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार 2016 में इसने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ संवाद और सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के कुल तीन पुरस्कार जीते।
dharmpath.com dharmpath