नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। सोशल मीडिया पर केंद्र सरकार की आलोचना करने के लिए खुद आलोचनाओं का शिकार हुईं अभिनेत्री नेहा धूपिया ने कहा कि उनके ट्वीट का इरादा किसी को आहत करना या नीचा दिखाना कतई नहीं था।
नेहा ने मानसून के दौरान मुंबई वासियों की परेशानियों के प्रति सरकार की उदासीनता को लेकर सोशल मीडिया मंच ट्विटर पर निशाना साधा था।
उन्होंने 21 जुलाई को ट्वीट किया था, “जरा सी बारिश और पूरा शहर जैसे रुक जाता है। सुशासन का मतलब सेल्फी लेना और हमसे योग करवाना नहीं है। नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सुशासन है।”
नेहा के ट्वीट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रशंसकों में रोष पैदा कर दिया, क्योंकि इसे मोदी पर कटाक्ष के रूप में देखा गया, जो योग के महत्व पर जोर देते हैं और कई मौकों पर सेल्फी लेने के लिए सुर्खियों में रहे हैं।
नेहा ने हालांकि सोमवार को एक बयान जारी कर कहा कि उनका ट्वीट किसी पर व्यक्तिगत हमला या किसी को नीचा दिखाने के लिए नहीं था।
उन्होंने कहा, “यह मुंबई के एक असहाय आम नागरिक की निराशा थी।”
dharmpath.com dharmpath