कुक ने बेंगलुरू में एप्पल परिसर की घोषणा की (लीड-1)

मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टिम कुक ने बुधवार को कहा कि कंपनी बेंगलुरू में एक डिजाइन एवं डेवलपमेंट एक्सेलरेटर परिसर स्थापित करेगी।

भारत दौरे पर आए कुक ने कहा, “भारत दुनिया में एक सर्वाधिक जीवंत और उद्यमी आईओएस विकास समुदाय का देश है।”

कुक ने एक बयान में कहा, “बेंगलुरू में इस नए परिसर की स्थापना के साथ ही हम डेवलपरों को ऐसे टूल की सुविधा देने वाले हैं, जो उन्हें दुनियाभर के ग्राहकों के लिए नवाचार युक्त एप का विकास करने में मदद करेंगे।”

टिम कुक ने भारत दौरे की शुरुआत यहां बुधवार सुबह प्रभादेवी इलाके में स्थित श्री सिद्धिविनायक मंदिर में पूजा के साथ की।

कुक के साथ एप्पल इंडिया के प्रमुख संजय कौल भी थे। बुधवार को टिम कुक कई प्रमुख उद्योगपतियों और बॉलीवुड सितारों से मुलाकात करेंगे।

संयोग से कुक जब मंदिर में थे, उस वक्त वहां रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के पुत्र अनंत अंबानी भी मौजूद थे। कुक ने उनके साथ कुछ देर बात की।

कुक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, टाटा समूह के अध्यक्ष साइरस मिस्त्री और बॉलीवुड स्टार शाहरूख खान से भी मिलने वाले हैं।

माना जा रहा है कि कुक बेंगलुरू और हैदराबाद और उसके बाद दिल्ली भी जाएंगे।

परिसर के 2017 के शुरू में खुलने की उम्मीद है।

इस परिसर में एप्पल के विशेषज्ञ डेवलपरों को स्विफ्ट पर भी सहयोग और मार्गदर्शन दिया जाएगा। स्विफ्ट एप्पल का शक्तिशाली प्रोग्रामिंग लैंग्वेज है, जिसका विकास आईओएस, मैक, एप्पल टीवी और एप्पल वाच के लिए एप बनाने के लिए किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493