वाशिंगटन, 7 मई (आईएएनएस)। इस्लामिक स्टेट (आईएस) से मुकाबले के लिए अमेरिका द्वारा संयुक्त इराक पर जोर देने के बाद इराक के स्वायत्तशासी प्रांत कुर्दिस्तान के राष्ट्रपति मसूद बरजानी ने वाशिंगटन को चेतावनी देते हुए कहा है कि इराक की एकता स्वैच्छिक है, अनिवार्य नहीं।
समाचार एजेंसी एफे न्यूज की एक रपट के मुताबिक, बरजानी ने आईएस के खिलाफ लड़ाई के लिए और हथियार एवं इराक तथा सीरिया से भागकर कुर्दिस्तान पहुंचे एक से डेढ़ लाख शरणार्थियों के लिए मानवीय सहायता की मांग करने के लिए बुधवार को वाशिंगटन में राष्ट्रपति बराक ओबामा तथा उपराष्ट्रपति जो बिडेन से मुलाकात की।
ओबामा तथा बिडेन से मुलाकात के बाद वाशिंगटन के अटलांटिक काउंसिल में बरजानी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हमारा मानना है कि हमारे पास मानवीय व राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।”
उन्होंने कहा, “लेकिन, निश्चित तौर पर जरूरतें अधिक हैं और हम अकेले इसकी पूर्ति नहीं कर सकते।”
कुर्दिश बलों के कमांडर इन चीफ बरजानी ने चेतावनी देते हुए कहा कि व्हाइट हाउस द्वारा अधिक से अधिक राष्ट्रीय एकता पर जोर देने के बावजूद कुर्दिस्तान क्षेत्र का इराक के साथ एकता स्वैच्छिक है।
उन्होंने कहा, “निश्चित तौर पर कुर्दिस्तान स्वतंत्र होने जा रहा है।”
बरजानी ने कहा, “आईएस के खिलाफ लड़ाई खत्म होने के बाद सुरक्षा के हालात सामान्य होने पर जनमत संग्रह होगा।”
उल्लेखनीय है कि लंबे अरसे से कुर्द आजादी की मांग करते रहे हैं और पिछले साल होने वाला जनमत संग्रह आईएस से मुकाबले पर केंद्रित होने के कारण स्थगित करना पड़ा था।
dharmpath.com dharmpath