कुश्ती : नंबर-1 रैकिंग हासिल करने वाले पहले भारतीय बने बजरंग

नई दिल्ली, 10 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले स्टार पहलवान बजरंग पुनिया 65 किग्रा की विश्व रैकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

युनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग की ओर से शनिवार को जारी ताजा विश्व रैकिंग में बजरंग ने 65 किग्रा में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनके नाम अब 96 अंक हो गए हैं।

बजरंग का रैंकिंग राष्ट्रमंडल खेलों और एशियाई खेलों में किए गए प्रदर्शन के आधार तय किया गया है। उन्होंने दोनों में स्वर्ण अपने नाम किया था।

उन्होंने पिछले महीने ही हंगरी के बुडापेस्ट में हुई विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप में रजत पदक अपने नाम किया था। विश्व चैम्पियनशिप में सीडींग प्रणाली लागू की गई थी और बजरंग को तीसरी सीड मिली थी।

बजरंग ने अपने किग्रा में नंबर-1 बनने पर खुशी जताते हुए कहा, “नंबर-1 बनने से मैं बहुत खुश हूं क्योंकि यह कुश्ती में भारत के दबदबे को दर्शाता है। लेकिन मैं इसका असली जश्न तब मनाऊंगा जब मैं ओलम्पिक चैम्पियन बनूंगा। इसके लिए आप सभी का शुक्रिया जिन्होंने हमेशा मुझे अपना समर्थन दिया है।”

भारतीय पहलवान को विश्व कुश्ती चैम्पियनशिप के फाइनल में जापान के ताकुतो ओतोगुरो से हार का सामना करना पड़ा था। आतोगुरो ताजा रैकिंग में 62 अंक लेकर तीसरे और रूस के अहमद चाकीव 66 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493