केआईवाईजी (जिम्नास्टिक) : महाराष्ट्र ने लिखी स्वर्णिम सफलता की कहानी (राउंडअप)

पुणे, 14 जनवरी (आईएएनएस)। मेजबान महाराष्ट्र ने यहां जारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 में जिम्नास्टिक स्पर्धा के अंडर-17 और अंडर-21 वर्ग में शानदार स्वर्णिम सफलता हासिल की।

महाराष्ट्र जिम्नास्टिक के दोनों वर्गो (यू-17 और यू-21) में 14 स्वर्ण पदकों के साथ शीर्ष पर रहा। मेजबान टीम ने यू-17 वर्ग में पांच और यू-21 वर्ग में नौ स्वर्ण पदकों पर कब्जा जमाया। वहीं, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश को क्रमश : दूसरा और तीसरा स्थान मिला।

जिम्नास्टिक के पहले दिन अंडर-17 वर्ग में उत्तर प्रदेश के मोहम्मद राफे और राज यादव पुरुषों के आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के सभी प्रतियोगिताओं में पहले दो स्थानों पर रहे। महिलाओं की आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के सभी प्रतियोगिताओं में महाराष्ट्र की सिद्धि हाटेकर को रजत और रिद्धि हाटेकर को कांस्य पदक मिला।

रिदमीक जिम्नास्टिक के सभी प्रतियोगितओं में जम्मू एवं कश्मीर की बवलीन कौर ने सोना, महाराष्ट्र की श्रेया भांगले ने रजत और कृषा चेदना ने कांस्य पदक जीते।

अंडर-17 वर्ग के अंतिम दिन मेजबान महाराष्ट्र ने 17 पदक जीते और पदकों की संख्या को 21 तक पहुंचा दिया। इनमें श्रेयास मांदलिक, मानेश गादवे, सिद्धि हाटेकर, श्रेया भांगले और कृषा चेदा ने एक-एक स्वर्ण पदक जीते।

अन्य जिम्नास्टिकों में बवलीन और प्रोतिष्ठा ने मिलकर स्वर्ण सहित सात पदक जीते। इसके अलावा राफे ने दो स्वर्ण अपने नाम किया।

अंतिम दिन महाराष्ट्र अंडर-17 वर्ग में शीर्ष पर रहा। उसने पांच स्वर्ण, सात रजत और नौ कांस्य सहित कुल 21 पदक अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश 10 पदकों (पांच स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य) के साथ दूसरे और पश्चिम बंगाल चार स्वर्ण के साथ तीसरे नंबर पर रहा।

अंडर-21 वर्ग के पहले दिन महाराष्ट्र ने तीन पदक अपने नाम किये। महिलाओं की आर्टिस्टिक स्पर्धाओं में पश्चिम बंगाल की बिदिशा गायेन और रिदमीक स्पर्धा में अदिती दांडेकर विजेता बनकर उभरीं।

पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के अग्निवेश पांडे ने एक स्वर्ण और चार कांस्य तथा महाराष्ट्र एरीक ने तीन स्वर्ण और दो रजत के साथ खेल का समापन किया।

बंगाल की लड़कियों ने महिलाओं की आर्टिस्टिक वर्ग में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने इसमें पांच पदक (एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य) जीते। रिदमीक जिम्नास्टिक में अदिती दांडेकर, तेलंगाना की मेघना रेड्डी और दिल्ली की महकप्रीत कौर के बीच जबर्दस्त संघर्ष देखने को मिला। तीनों ने कुल 10 पदक साझा किए।

अंडर-21 वर्ग में महाराष्ट्र की लड़कियों ने कुल 18 पदक (नौ स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य) जीते। पश्चिम बंगाल 11 पकदों (तीन स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य) के साथ दूसरे और उत्तर प्रदेश छह पदकों (दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य) के साथ तीसरे नंबर पर रहा।

महाराष्ट्र जिम्नास्टिक टीम के कोच महेंद्र बाभुलकर को टीम की ओर से ट्रॉफी प्रदान की गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493