केन्या में विश्वविद्यालय पर हमला, 17 मरे (राउंडअप)

नैरोबी, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वोत्तर केन्या के एक विश्वविद्यालय पर कथित तौर पर अल शबाब आतंकवादी समूह के आतंकवादियों के हमले में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 घायल हो गए। यह हमला गुरुवार सुबह 5.30 बजे हुआ।

अधिकारियों के मुताबिक, 280 छात्रों को बचा लिया गया है, जबकि 535 छात्रों को अभी भी बाहर निकालना बाकी है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने कहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि आतंकवादियों ने कई घंटों से छात्रों को बंधक बना रखा है और सुरक्षाबलों से उनकी मुठभेड़ जारी है।

पुलिस महानिरीक्षक जोसेफ बोइनेट ने कहा कि पुलिस और सेना ने विश्वविद्यालय परिसर को चारों ओर से घेर लिया है और बंदूकधारियों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अल कायदा से संबद्ध सोमालिया के अल-शबाब आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

अपने रेडियो स्टेशन से उन्होंने कहा, “हमने कई लोगों की हत्या कर दी और केन्याई लोग जब इसे देखेंगे तो हैरान रह जाएंगे।”

वहीं, आंतरिक कैबिनेट सचिव जोसेफ एनकासेरी ने गेरिसा में संवाददाताओं से कहा कि घटनास्थल से फरार होने की कोशिश के दौरान एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया और हमले के बारे में उससे पूछताछ जारी है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “संस्थान में 815 छात्र और 60 कर्मचारी हैं। सुरक्षाकर्मियों ने सफलतापूर्वक 280 छात्रों तथा सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया है।”

हमला परिसर के अंदर बने मस्जिद से शुरू हुआ, जहां हमलावरों ने मस्जिद के मौलानाओं की गोली मार कर हत्या कर दी।

गोलीबारी से बचे छात्रों ने बताया कि परिसर में कम से कम पांच हमलावर हैं। बहुत से अन्य छात्र और शिक्षक अभी भी बंधक बने हुए हैं।

बोइनेट ने अपने ट्विटर अकाउंट पर जारी एक बयान में कहा, “छात्रावास में घुसते समय हमलावरों को मुंहतोड़ जवाब का सामना करना पड़ा। नेशनल पुलिस सर्विस कमीशन (एनपीएस) के अधिकारियों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मिलाकर गठित एक संयुक्त बल घटनास्थल पर पहुंचा और छात्रावास में हमलवारों को मार गिराने की कार्रवाई के लिए मोर्चा संभाल लिया।”

केन्या डिफेंस फोर्स (केडीएफ) तथा पुलिस भी विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुई।

इस बीच, केन्या की पुलिस ने गुरुवार को अल शबाब के शीर्ष आतंकवादी मोहम्मद कुनो का फोटो लोगों में वितरित किया, जिसे इस हमले का सरगना माना जा रहा है।

पुलिस ने मोहम्मद कुनो के सिर पर 54,350 डॉलर का इनाम रखा है, जो दक्षिणी सोमालिया के निजले जुबा क्षेत्र में अल शबाब का कमांडर है। उसपर केन्या पर हमले का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने कहा, “कुनो सीमा पर आतंकवादियों को निर्देशित करता है और देश में घुसपैठ के लिए वही जिम्मेदार है। उसने हाल के दिनों में उत्तरी केन्या तथा तटीय इलाके खासकर गेरिसा, मांडेरा तथा लामू में हमले तेज कर दिए हैं।”

सूत्रों ने कहा है कि विश्वविद्यालय पर नजर रखने में संदिग्ध की दो स्थानीय युवकों ने मदद की।

पुलिस के मुताबिक, कुनो बेहद धार्मिक किस्म का व्यक्ति है और कई सालों तक वह एक मदरसे में शिक्षक रहा है।

कुनो बाद में गेरिसा के मदरसा नाजा में शिक्षक बन गया। इस्लामिक कोर्ट्स यूनियन (आईसीयू) के विचारों से प्रेरित होने के बाद बाद वह अल शबाब में शामिल हो गया।

खबर है कि गेरिसा में जितने भी हमले हुए हैं, उनमें मदरसा नाजा के पूर्व छात्रों का हाथ रहा है।

केन्या में व्यापक तौर पर आतंकवादी नेटवर्क स्थापित करने का श्रेय कुनो को दिया जाता है। पिछले साल हुए बस पर हमले की जिम्मेदारी कुनो ने ली थी, जिसमें 28 लोग मारे गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493