कोच्ची, 28 जून (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के तीसरे संस्करण से पहले पूर्व अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी एन.पी.प्रदीप फ्रेंचाइजी केरला ब्लास्टर्स के लिए प्रतिभावान खिलाड़ियों की खोज करेंगे। इस बात की घोषणा क्लब ने मंगलवार को की।
प्रदीप क्लब के कोच स्टीव कोपेल और सहायक कोच इश्फाक एहमद के साथ मिलकर युवा खिलाड़ियों पर काम करेंगे और केरल में स्थानीय प्रतिभा को खोजेंगे।
प्रदीप ने भारत की अंडर-20 टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जो 2002 में एएफसी यूथ चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल में खेली थी।
उन्होंने 2005 में भारत की सीनियर टीम के लिए अपना पहला मैच खेला था। भारत के लिए उन्होंने कुल 50 मैच खेले हैं।
2006 में वह महिन्द्रा युनाइटेड की राष्ट्रीय लीग चैम्पियनशिप के साथ भी जुड़ गए थे।
क्लब के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन डी सिल्वा ने एक बयान में कहा, “हमारा प्रयास स्थानीय प्रतिभा को बढ़ावा देना और उनमें सुधार करना है और इसके लिए प्रदीप स्टीव और इश्फाक के साथ काम करेंगे और युवा प्रतिभा को सामने लाएंगे। केरला ब्लास्टर्स को एक विश्व स्तर की टीम बनाने की योजना की तरफ यह हमारा पहला कदम है।”
dharmpath.com dharmpath