तिरुवनंतपुरम, 7 जुलाई (आईएएनएस)। केरल में बार रिश्वतकांड तथा पत्तूर भूमि घोटाले की जांच कर रहे प्रदेश के सतर्कता ब्यूरो ने एक पूर्व मंत्री के सहयोगी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक मुकदमा दर्ज किया है।
सूत्रों ने कहा कि प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) जैकब थॉमस ने बार रिश्वतकांड मामले की जांच फिर शुरू की है। इस मामले में पिछली सरकार में वित्त मंत्री के.एम. मणि तथा आबकारी मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा था।
इस घोटाले ने लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) को चांडी के नेतृत्व वाले युनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) सरकार पर मई में हुए चुनाव के लिए प्रचार के दौरान हमला करने का मौका दे दिया था।
इस खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मणि ने कहा कि वे जांच में सहयोग करेंगे। मणि पर बंद हुए बारों को खोलने के लिए रिश्वत लेने का आरोप है।
उन्होंने कहा, “इसकी दो बार जांच हो चुकी है और दोनों बार मुझे क्लीन चिट मिली है। एक बार फिर उन्हें जांच करने दीजिए, मैं पूरा सहयोग करूंगा।”
थॉमस व उनके दल द्वारा फिर से शुरू की गई जांच की आंच पूर्व आबकारी मंत्री तक भी पहुंच सकती है।
सतर्कता अधिकारियों के एक दल ने पिछली सरकार में सहकारिता मंत्री सी.एन. बालकृष्णन के सहयोगी रह चुके जोसेफ लिजो के घर पर सोमवार को छापेमारी की।
इसके बाद, ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति को लेकर लिजो के खिलाफ तत्काल एक मामला दर्ज किया गया।
थॉमस ने कहा कि उनका दल पत्तूर भूमि घोटाले की भी जांच कर रहा है, जिसमें कुछ अधिकारियों के साथ चांडी ने सार्वजनिक भूमि को लेने में एक बिल्डर की कथित तौर पर मदद की।
साथ ही, सतर्कता ब्यूरो ने वेल्लापल्ली नातेसन के नेतृत्व वाले श्री नारायण धर्म परिपालना योगम (एसएनडीपी) से संबंधित सूक्ष्म वित्तीय सौदों की कड़ाई से जांच करने का फैसला किया है।
नातेसन ने भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) नामक एक नई राजनीतिक पार्टी शुरू की है, जिसने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन किया था।
नातेसन ने संवाददाताओं से गुरुवार को कहा कि एसएनडीपी योगम छोड़ चुके कुछ नेताओं ने अच्युतानंदन का इस्तेमाल औजार के तौर पर किया।”
उन्होंने कहा, “हमने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिन्होंने सूक्ष्म वित्तीय सौदों में गड़बड़ी की है। मैं आपसे फिर कहता हूं कि अगर मैं दोषी पाया गया तो सार्वजनिक जीवन से अलग हो जाऊंगा।”
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पहले ही आश्वस्त कर चुके हैं कि सरकार विपक्ष के खिलाफ बदले की कार्रवाई नहीं करेगी।
dharmpath.com dharmpath