केरल में होंडा का मुफ्त सर्विस, एक्सचेंज ऑफर

गुरुग्राम, 27 अगस्त (आईएएनएस)। बाढ़ प्रभावित केरल के पुननिर्माण में योगदान देने के प्रयास में होंडा मोटरसाइकल एंड स्कूटर इंडिया प्रा. लिमिटेड ने राज्य में होंडा के सभी दोपहिया उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त सर्विस अभियान एवं स्पेशल एक्सचेंज ऑफर का सोमवार को ऐलान किया है।

कंपनी की तरफ से यहां जारी एक बयान के अनुसार, केरल का अधिकृत डीलर नेटवर्क बाढ़ प्रभावित उपभोक्ताओं की मदद के लिए सक्रिय हो गया है। कंपनी इन उपभोक्ताओं के लिए लेबर शुल्क एवं इंजिन ऑयल का खर्च खुद उठाएगी। यह आफर सीमित अवधि के लिए है। साथ ही उन उपभोक्ताओं के लिए 2000 रुपये की स्पेशल एक्सचेंज बोनस स्कीम भी पेश की गई है, जो बाढ़ में खराब हो चुके वाहनों को होण्डा के नए वाहन के साथ बदलना चाहते हैं।

कंपनी के अध्यक्ष एवं सीईओ मिनोरू काटो ने कहा, “केरल सदी की सबसे भयंकर बाढ़ के कारण जबरदस्त त्रासदी के दौर से गुजर रहा है। होंडा राज्य के लोगों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे एक बार फिर से अपने जीवन को सामान्य तरीके से शुरू कर सकें। होंडा का यह योगदान राज्य के स्थानीय लोगों के जीवन को फिर से पटरी पर लाने में मददगार साबित होगा।”

बयान के अनुसार, उपभोक्ता अपने वाहन की नि:शुल्क जांच के लिए होण्डा के नजदीकी अधिकृत नेटवर्क पर जा सकते हैं। न केवल केरल से, बल्कि आस-पास के राज्यों से होंडा की मोबाइल सर्विस वैन्स और प्रशिक्षित तकनीशियन बाढ़ प्रभावित वाहनों को ठीक करने में मदद करेंगे। होंडा के उपभोक्ता होंडा टू व्हीलर के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबर पर फोन कर अपने बाढ़ प्रभावित वाहन की सर्विस के लिए बुकिंग कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493