केरल हनीमून के लिए बेहतरीन जगहों में फिर अव्वल

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केरल को एक बार फिर देश में सर्वश्रेष्ठ हनीमून गंतव्य के रूप में पहचान मिली है। अपने शांत समुद्र तट, सुकुन देने वाले बैकवाटर्स और घुमावदार पहाड़ियों के लिए मशहूर केरल रोमांस का पर्याय बन गया है।

राज्य को यह सम्मान ट्रेवल और लीजर इंडिया एंड साउथ एशिया की ओर से पाठकों के बीच कराए गए सर्वेक्षण के परिणाम के आधार पर मिला है।

पत्रिका की ओर से आयोजित वार्षिक ‘भारतीय सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार समारोह’ के पांचवे संस्करण के मौके पर गुरुवार को इसकी घोषणा की गई। ईश्वर के अपने देश के रूप में विख्यात केरल को यह पुरस्कार राजस्थान के साथ मिला है। दोनों राज्यों को ही ज्यादातर मत मिले।

केरल पर्यटन के अतिरिक्त महानिदेशक डी. बालामुरली ने नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में यह पुरस्कार प्राप्त किया।

केरल के पर्यटन मंत्री ए. सी. मदीन ने कहा, “केरल अपने जादुई अनुभव, अपने असली गंवई आकर्षण और विविधतापूर्ण परिदृश्य की सुंदरता के लिए जाना जाता है। इन सभी के कारण केरल देश भर में हनीमून मनाने वालों का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन गया है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि प्रमुख यात्रा एवं लाइफस्टाइल पत्रिका ‘टी और एल’ में हमारा जिक्र हुआ है।”

यह पुरस्कार भारत और दुनिया भर में सर्वश्रेष्ठ पर्यटन संभावनाओं, सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रदाताओं को प्रदर्शित करता है। यह पुरस्कार उन पसंदीदा स्थलों को भी प्रदर्शित करता है जहां भारत के लोग यात्रा करना सबसे अधिक पसंद करते हैं।

केरल सरकार के मुख्य सचिव (पुरस्कार) डॉ. वेणु वी. ने कहा, “यह पुरस्कार भारत में नव विवाहितों के लिए शीर्ष गंतव्य के रूप में केरल की प्रतिष्ठा को पुनस्र्थापित करता है। विस्तारित समुद्र तट से लेकर धुंध में डूबे पश्चिमी घाटों से लेकर लैगूनों तथा मुहानों आदि से मिलकर यह रोमांटिक परिवेश अद्वितीय अनुभव प्रदान करता है। शांत तथा जीवन की भागदौड़ से दूर यह स्थान केरल के आकर्षण में चार चांद लगाता है।”

रात्रिकालीन आकर्षण के मामले में अन्य बड़े विजेताओं में सिंगापुर (सर्वश्रेष्ठ देश), हांगकांग (सर्वश्रेष्ठ शहरी) और स्विट्जरलैंड (सर्वश्रेष्ठ पारिवारिक गंतव्य) शामिल हैं। सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय हनीमून गंतव्य के लिए फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका ने यह पुरस्कार साझा किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493