कैटालोनिया की स्पेन से आजादी के मुद्दे पर जनमत संग्रह में मतदान जारी

बार्सिलोना, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। स्पेन से अलग होकर एक स्वतंत्र देश कैटालोनिया के निर्माण के लिए रविवार को जनमत संग्रह हो रहा है।

कैटालान की क्षेत्रीय सरकार यह जनमत संग्रह करा रही है जिसका स्पेन की सरकार ने कड़ा विरोध किया है।

बीबीसी के मुताबिक, स्पेन सरकार ने कहा है कि वह इस जनमत संग्रह को बंद कराने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की संवैधानिक अदालत ने इसे अवैध करार दिया है।

जनमत संग्रह के दौरान मतपत्र पर केवल एक प्रश्न है, “क्या आप कैटालोनिया को स्पेन से अलग कर एक अलग राष्ट्र बनाना चाहते हैं?”

इस संबंध में ‘हां’ और ‘नहीं’ की दो मतपेटियां हैं।

रविवार सुबह स्पेन पुलिस के दर्जनभर वाहन बार्सिलोना में अपने अड्डे से रवाना हो गए। मतदान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

स्थानीय समयानुसार सुबह नौ बजे मतदान शुरू होने पर पुलिसकर्मियों ने मतपत्रों और मतपेटियों को जब्त करना शुरू कर दिया।

हजारों की संख्या में अलगाववादी समर्थकों ने मतदान से पहले स्कूलों और अन्य इमारतों पर कब्जा कर लिया। इन स्कूलों और इमारतों को मतदान केंद्र बनाया गया है।

कुछ क्षेत्रों में किसानों ने सड़कों और मतदान केंद्रों के दरवाजों पर ट्रैक्टर खड़े कर दिए ताकि अधिकारी इन्हें सील न कर सकें।

जनमत संग्रह के आयोजकों ने लोगों से किसी भी पुलिस कार्रवाई का शांतिपूर्वक जवाब देने का अनुरोध किया है।

कैटालान के सरकारी अधिकारियों ने मतदान के लिए बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का अनुमान जताया है।

कैटालान क्षेत्र के उप राष्ट्रपति ओरियल जंक्वेरस ने टीवी3 से कहा कि रविवार का दिन लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण दिन होगा।

स्पेन के पूर्वोत्तर में स्थित कैटालोनिया में 75 लाख की आबादी है। आर्थिक रूप से समृद्ध इस क्षेत्र की अपनी भाषा और संस्कृति है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493