मैड्रिड, 13 नवंबर (आईएएनएस)। स्पेन के प्रधानमंत्री मारियानो राजोय ने कैटालोनिया संकट का जल्द हल निकलने की उम्मीद जताई है। उनका कहना है कि कैटालोनिया में अगले महीने होने वाले चुनाव देश के इस पूर्वोत्तर इलाके में ‘अलगाववादी तबाही’ को समाप्त करने में मददगार होंगे।
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक कैटालोनिया को सीधे केंद्र के शासनाधिकार में लेने के बाद राजोय का इलाके में रविवार को पहला दौरा था, जिस दौरान उन्होंने एक चुनावी कार्यक्रम को संबोधित किया।
बार्सिलोना में अपने फैसले का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि कातालन सरकार की ओर से पिछले महीने एकतरफा आजादी की घोषणा करने के बाद उन्होंने बातचीत के सभी रास्तों को आजमाया।
कैटालोनिया की सरकार के इस कदम के बाद वहां के कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में लिया गया है।
कैटालोनिया का यह संकट वहां करवाए गए विवादित जनमत संग्रह के बाद पैदा हुआ है। स्पेन की अदालत ने इस जनमत संग्रह को अवैध करार दिया है।
कैटालोनिया के अधिकारियों के मुताबिक जनमत संग्रह में हुए कुल 43 फीसदी मतदान में आजादी के इस अभियान के पक्ष में 92 फीसदी वोट पड़े।
कई लोग जो आजादी के पक्ष में नहीं थे, उन्होंने इस जनमत संग्रह की वैधता को नकारते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया।
जनमत संग्रह के बाद कैटालोनिया की सरकार ने आजादी का ऐलान कर दिया। इसकी प्रतिक्रिया में स्पेन की सरकार ने प्रांतीय संसद को बर्खास्त करते हुए क्षेत्र को सीधे केंद्र के शासन के अधीन कर दिया। साथ ही प्रांत में 21 दिसंबर को चुनाव की घोषणा कर दी।
बार्सिलोना में अपनी ‘पापुलर पार्टी’ के पक्ष में बहुमत जुटाने के अभियान के क्रम में रविवार को एक कार्यक्रम में राजोय ने ‘मौन बहुसंख्यक’ लोगों से चुनाव में हिस्सा लेने का आह्वान किया और उनसे अपनी आवाज को वोट में तब्दील करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “हमें कैटालोनिया को अलगाववाद से होने वाली बर्बादी से बचाकर सही राह पर लाना चाहिए। हम लोकतंत्र की मदद से कैटालोनिया को फिर से सभी का बनाना चाहते हैं।”
उन्होंने पापुलर पार्टी के समर्थकों से कहा कि सही नतीजे आने से स्पेन की आर्थिक वृद्धि में अगले साल तीन फीसदी का इजाफा होगा।
उन्होंने वहां कारोबार करने वाली कंपनियों से क्षेत्र को नहीं छोड़ने का आग्रह किया।
राजनीतिक अस्थिरता के कारण सैकड़ों कंपनिया कैटालोनिया से पलायन कर चुकी हैं।
राजोय का यह कार्यक्रम एक होटल के बालरूम में हुआ जिसमें अधिकांश उनके और उनकी पार्टी के समर्थक थे। उनके अभियान को संचालित करने वालों ने यह सुनिश्चित किया हुआ था कि उनका सामना कैटालोनिया की आजादी के मुखर समर्थकों से न हो।
मैड्रिड की ओर से कड़ी कार्रवाई करने के बाद कैटालोनिया के बर्खास्त राष्ट्रपति कार्ल्स पुइगडेमोंट खुद निर्वासित होकर बेल्जियम में शरण लिए हुए हैं और उनके कई प्रमुख सहयोगियों को हिरासत में ले लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath