कोलकाता, 20 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की सबसे लोकप्रिय फुटबाल लीग टूर्नामेंट इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की फ्रेंचाइजी केरला ब्लास्टर्स के स्टार स्ट्राइकर माइकल चोपड़ा ने मंगलवार को भारतीय फुटबाल टीम के कोच स्टीफेन कोंस्टैनटाइन के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
गौरतलब है कि कोंस्टैनटाइन ने हाल ही में कहा था कि माइकल के भारतीय टीम में खेलने की कोई संभावना नहीं है।
माइकल इंग्लिश प्रीमियर लीग में खेलने वाले एकमात्र भारतीय मूल के खिलाड़ी हैं। वह न्यूकैसल यूनाइटेड और संडरलैंड टीमों का हिस्सा रह चुके हैं और भारत की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के लिए खेलने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं।
लेकिन कोंस्टैनटाइन ने अपने बयान से इस तरह की किसी संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि माइकल का सर्वश्रेष्ठ दौर गुजर चुका है।
माइकल ने मंगलवार को ट्वीट किया, “वह (कोंस्टैनटाइन) जो चाहें कह सकते हैं। उनका एक खिलाड़ी के तौर पर कोई स्थान नहीं है और मैं अपने विचारों पर अडिग हूं।”
माइकल ने आगे कहा, “भारतीय टीम के कोच के तौर पर वह अच्छा कर रहे हैं, लेकिन मुझे पता चला है कि प्रबंधन में बदलाव हुआ है। देखिए आगे क्या होता है।”
माइकल ब्लास्टर्स टीम के साथ यहां आईएसएल के तीसरे संस्करण के आगाज से पहले सत्र पूर्व अभ्यास मैच के लिए आए हुए थे।
ब्लास्टर्स को आईएसएल-3 में नॉर्थईस्ट युनाइटेड के साथ पहला मैच खेलना है। ब्लास्टर्स ने आईएसएल के तीसरे संस्करण के लिए माइकल को दोबारा टीम में बुलाया है।
dharmpath.com dharmpath