हांगकांग, 22 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर क्लब लीवरपूल के मुख्य कोच जुर्गेन क्लोप ने कहा है कि वह अपनी टीम के आक्रामक मिडफील्डर फिलिपे कोटिन्हो को कहीं नहीं जाने देंगे।
ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कोटिन्हो को आठ करोड़ यूरो (9.325 करोड़ डॉलर) में दिग्गज स्पेनिश क्लब बार्सिलोना स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
लीवरपूल की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी बयान के अनुसार, क्लोप से जब इन अटकलों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “मैं किसी अन्य क्लब के कोटिन्हो में रुचि रखने से हैरान नहीं हूं। कई लोग देख सकते हैं कि हमारे क्लब के पास कुछ ही अच्छे खिलाड़ी हैं और हम सबको यही संदेश देना चाहते हैं कि कोटिन्हो कहीं नहीं जा रहे।”
क्लोप ने कहा, “हम साथ काम करने और साथ विकास करने पर यकीन करते हैं। हम साथ मिलकर अगला कदम उठाना चाहते हैं और इसलिए, हमें साथ रहने की जरूरत है।”
क्लोप ने यह भी बताया कि कोटिन्हो अब तक पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं।
dharmpath.com dharmpath