कोपा लिबर्टाडोरेस : प्लेट, बोका के बीच फाइनल का पहला चरण ड्रॉ

ब्यूनस आयर्स, 12 नवंबर (आईएएनएस)। रिवर प्लेट और बोका जूनियर्स के बीच खेला गया कोपा लिबर्टाडोरेस के पहले चरण का मैच 2-2 से ड्रॉ के साथ समाप्त हो गया।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस ड्रॉ हुए मुकाबले के कारण अब दोनों टीमों के पास दूसरे चरण के मैच में जीत हासिल कर खिताब पर कब्जा जमाने का मौका है।

रेमन अलीबा ने 34वें मिनट में गोल कर बोका जूनियर्स का खाता खोला। इसके जवाब में रिवर प्लेट ने अगले ही मिनट में लुका प्राटो की ओर से किए गए गोल के साथ स्कोर 1-1 से बराबर कर लिया।

बोका के लिए पहले हाफ के अतिरिक्त समय में डारियो बेंडेटो ने गोल किया और अपनी टीम को 2-1 से बढ़त दे दी। बोका क्लब ने इस मैच में लगभग अपनी जीत पक्की कर ली थी, लेकिन अपने ही खिलाड़ी की ओर से की गई गलती के कारण वह इस मैच को जीत नहीं पाया।

दूसरे हाफ में 61वें मिनट में कार्लोस इक्वेर्दोज के ओन गोल ने बोका क्लब की जीत नाकाम कर दी और इससे रिवर प्लेट क्लब ने 2-2 से स्कोर बराबर कर लिया।

अपने डिफेंस को मजबूत रखते हुए रिवर प्लेट ने बोका जूनियर्स क्लब को और कोई गोल करने का मौका नहीं दिया और दोनों टीमों के बीच यह मैच 2-2 से ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

दोनों टीमों के बीच इस फाइनल का दूसरा चरण 25 नवम्बर को खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493