कोलकाता, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। क्षेत्ररक्षण के दौरान सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती क्रिकेट खिलाड़ी राहुल घोष की हालत स्थिर है लेकिन वह अभी भी खतरे से बाहर नहीं हैं। उनके पिता ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राहुल के पिता अमिताभ घोष ने बताया, “डॉक्टरों ने बताया है कि राहुल की हालत स्थिर है लेकिन उसे अब भी खतरे से बाहर नहीं कहा जा सकता। उन्होंने कहा है कि वह आज (बुधवार) कुछ और जांच करेंगे ताकि यह निश्चित किया जा सके कि राहुल को ऑपरेशन की जरूरत है या नहीं।”
बंगाल के पूर्व अंडर-19 कप्तान अंकित केसरी की सोमवार को मौत के एक दिन बाद ही मंगलवार को राहुल को सिर में चोट लगने के बाद मध्य कोलकाता स्थित नाइटेंगल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राहुल को अपनी टीम कोलकाता पुलिस और विजय स्पोर्ट्स के बीच खेले जा रहे सेकेंड डिवीजन लीग मैच में क्षेत्ररक्षण करने के दौरान गेंद से चोट लगी। डॉक्टरों के अनुसार राहुल के सिर के बाएं हिस्से में चोट लगी है।
गौरतलब है कि कोलकाता के जाधवपुर विश्वविद्यालय स्टेडियम में ईस्ट बंगाल और भवानीपुर के बीच खेले जा रहे बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के नॉकआउट मैच के दौरान शुक्रवार को चोट लगने के बाद इसी अस्पताल में भर्ती 20 वर्षीय अंकित की सोमवार सुबह मौत हो गई थी।
अंकित क्षेत्ररक्षण के दौरान एक कैच लेने के प्रयास में अपने साथी खिलाड़ी सौरभ मंडल से टकरा गए थे।
dharmpath.com dharmpath