कोलकाता टेस्ट : भोजनकाल तक भारत के 3 विकेट पर 57 रन (लीड-1)

कोलकाता, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने ईडन गार्डन्स स्टेडियम में जारी तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में 27 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 57 रन बना लिए हैं।

भोजनकाल तक चेतेश्वर पुजारा (31) और अंजिक्य रहाणे 2 रन बनाकर खेल रहे हैं।

भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही। लोकेश राहुल के स्थान पर टीम में शामिल किए गए शिखर धवन (1) सस्ते में पवेलियन लौट गए।

इसके बाद मुरली विजय (9) ने पुजारा के साथ पारी को आगे बढ़ाया लेकिन 29 रनों के कुल योग पर मैक हेनरी ने विजय को पवेलियन भेज भारत को दूसरा झटका दिया।

भारतीय कप्तान विराट कोहली इस मैच में भी नाकाम रहे और एक चौके की मदद से नौ रन बनाकर ट्रेंट बाउल्ट का शिकार हुए। कोहली जब आउट हुए, तब टीम का स्कोर 46 था।

इसके बाद रहाणे ने पुजारा के साथ भोजनकाल तक टीम को 57 रनों तक पहुंचा दिया। पुजारा ने 80 गेंदों पर सात चौके लगाए।

न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी ने दो विकेट लिए, जबकि बाउल्ट एक विकेट लेने में सफल रहे।

भारत तीन मैचों की श्रृंखला में न्यूजीलैंड से 1-0 से आगे है। उसने कानपुर में खेले गए पहले टेस्ट मैच में 197 रनों से जीत हासिल की थी।

भारत अगर कोलकाता टेस्ट जीत लेता है तो वह टेस्ट वरीयता क्रम में शीर्ष पर पहुंच जाएगा। फिलहाल, पाकिस्तान नम्बर-1 पर काबिज है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493