कोलकाता फुल मैराथन में 15,000 से अधिक धावकों ने हिस्सा लिया

कोलकाता, 3 फरवरी (आईएएनएस)। कोलकाता में रविवार को हुए आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस फुल मैराथन के तीसरे संस्करण में 15,000 से अधिक धावकों ने भाग लिया।

भारत के महान क्रिकेट खिलाड़ी व आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस के ब्रांड एंबेसडर सचिन तेंदुलकर ने सॉल्ट लेक स्टेडियम से शुरू हुई इस मैराथन को हरी झंडी दिखाते हुए धावकों का उत्साह बढ़ाया।

फुल मैराथन के पुरुष वर्ग का खिताब टलानडिंग वाहलैंग ने जीता। उन्होंने दो घंटे 35 मिनट और 42 सेकेंड में रेस पूरी की जबकि महिला वर्ग में अंजली साराओगी पहले पायदान पर रहीं। अंजली ने तीन घंटे 16 मिनट और 54 सेकेंड का समय निकालते हुए खिताब अपने नाम किया।

तेंदुलकर ने इस मौक पर कहा, “मैं उन सभी धावकों को शुभकामनाएं देना चाहूंगा जिनके जुनून और उत्साह ने आईडीबीआई फेडरल लाइफ इंश्योरेंस कोलकाता फुल मैराथन के इस संस्करण को सफल बनाया। इस मैराथन के पीछे की सोच स्वस्थ्य जीवनशैली का प्रचार करना है और 15,000 धावकों का भाग लेना यह दर्शाता है कि लोग अधिक फिट और एक्टिव होना चाहते हैं।”

हाफ मैराथन में पुरुष वर्ग का खिताब मुकेश सिंह भंडारी और महिला वर्ग का खिताब ज्योति सिंह ने जीता। भंडारी ने एक घंटे आठ मिनट और 50.16 सेकेंड में रेस पूरी करते हुए जीत दर्ज की।

ज्योति ने एक घंटे 23 मिनट और 31 सेकेंड का समय निकाला।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493