कोलकाता में होगा भारत-पाकिस्तान मैच

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारत-पाकिस्तान के बीच टी-20 क्रिकेट विश्व कप के तहत मुकाबला अब धर्मशाला में न होकर कोलकाता में होगा। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेव रिचर्डसन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में इस बात की जानकारी दी।

मैच को धर्मशाला से कोलकाता स्थानांतरित करने का फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया है। इससे पहले पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं के कारण धर्मशाला में मैच खेलने से इनकार कर दिया था।

भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप के तहत मुकाबला धर्मशाला में 19 मार्च को होना था, जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे।

पाकिस्तान सरकार ने धर्मशाला में मैच नहीं खेलने का निर्णय बुधवार को प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और देश के गृह मंत्री निसार अली खान के बीच हुई बैठक में लिया।

धर्मशाला में भारत-पाकिस्तान मैच का विरोध करने वालों में अधिकांश पूर्व सैनिक और शहीदों के परिजन शामिल हैं। उनका कहना है कि पाकिस्तान, भारत में आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देता रहता है। ऐसे में आतंकवाद और खेल साथ-साथ नहीं चल सकते। उन्होंने पाकिस्तानी टीम के धर्मशाला पहुंचने पर विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी।

इससे पहले पाकिस्तान ने धर्मशाला पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लेने वाली अपनी टीम की रिपोर्ट के आधार पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को धर्मशाला से बाहर कराने की अपील की थी।

जिओ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, भारत पहुंचने वाले सुरक्षा दल ने गृह मंत्री निसार खान को बताया था कि दल धर्मशाला में सुरक्षा इंतजामों को लेकर संतुष्ट नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493