बर्लिन, 23 फरवरी (आईएएनएस)। कोलोग्ने क्लब ने शाल्के के मिडफील्डर मार्को होएगर से करार किया है।
जर्मन लीग के दोनों क्लबों ने सोमवार को इसकी पुष्टि की।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, 26 वर्षीय मिडफील्डर मार्को ने अगले सत्र के लिए कोलोग्ने में शामिल होने के लिए हामी भर दी है। उनका कोलोग्ने के साथ जून 2021 तक करार हुआ है।
कोलोग्ने क्लब के कोच पीटर स्टोएगेर ने कहा, “मार्को ने कई मैचों में अपनी क्षमता को साबित किया है। यह अच्छी बात है कि उन्होंने अपने घरेलू क्लब के साथ खेलने का फैसला किया है।”
मार्को ने शाल्के के लिए 2011 से खेलना शुरू किया और इस दौरान उन्होंने 87 मैचों में सात गोल दागे।
मार्को ने कहा, “हर युवा खिलाड़ी का सपना होता है कि वह अपने घरेलू क्लब के लिए खेले। कोलोग्ने में शामिल होने से मुझे एक बेहतरीन अवसर मिला है, लेकिन क्लब में शामिल होने से पहले मैं शाल्के के साथ अपना पांचवां सत्र पूरा करना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath