Tuesday , 14 May 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » विश्व » कोहरे के कारण 300000 इंडोनेशियाई बीमार

कोहरे के कारण 300000 इंडोनेशियाई बीमार

जकार्ता, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। जंगलों में फैली आग के परिणामस्वरूप बढ़ते कोहरे के कारण 3,00,000 से अधिक इंडोनेशियाई सांस की बीमारियों की चपेट में आ गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्री निला मोईलेक ने खुलासा किया है कि सितम्बर में सुमात्रा और बोर्नियों द्वीपों के वनों में लगी आग के बाद से सांस के रोगियों की संख्या में लगभग 20 फीसदी का इजाफा हुआ है, जिसके कारण सरकार को समस्या के समाधान के लिए बेहतर उपाय करने पड़ रहे हैं।

निला ने कहा, “तीन सप्ताह पूर्व से अब तक सांस की गंभीर समस्या के पीड़ितों की संख्या में 15-20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।”

कोहरे से प्रभावित इंडोनेशिया के अन्य पांच प्रांतों से ज्यादा आबादी वाले दक्षिण सुमात्रा में सर्वाधिक रोगियों की संख्या (83,276) दर्ज की गई।

कोहरे से प्रभावित सभी छह प्रांतों में सोमवार तक 3,07,360 मामले दर्ज किए गए।

मोईलेक ने कहा कि मंत्रालय ने दोनों द्वीपों के कोहरा प्रभावित इलाकों में टनों दवाएं और हजारों मॉस्क भेजे हैं।

सरकार ने वनों की आग पर काबू पाने के लिए सबसे बड़ा हवाई अभियान चलाया है, जिसके कारण सिंगापुर और मलेशिया तक कोहरे का असर फैल गया है। अभियान में हेलिकॉप्टरों, विमानों और हजारों सैनिकों की भी मदद ली जा रही है।

शुष्क मौसम, विशाल प्रभावित क्षेत्र और पानी की कमी अभियान में रुकावट डाल रहे हैं।

सरकार ने वनों में आग के लिए चार बागान कंपनियों पर जुर्माना लगाया है।

इंडोनेशिया 1990 से वनों में लगने वाली ऐसी आग से पस्त हो चुका है। इसके कारण उत्पन्न होने वाला कोहरा पड़ोसी एशियाई देशों को भी अपनी चपेट में ले लिया है। इससे भारी आर्थिक नुकसान भी हुआ है।

कोहरे के कारण 300000 इंडोनेशियाई बीमार Reviewed by on . जकार्ता, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। जंगलों में फैली आग के परिणामस्वरूप बढ़ते कोहरे के कारण 3,00,000 से अधिक इंडोनेशियाई सांस की बीमारियों की चपेट में आ गए हैं। स्वास् जकार्ता, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। जंगलों में फैली आग के परिणामस्वरूप बढ़ते कोहरे के कारण 3,00,000 से अधिक इंडोनेशियाई सांस की बीमारियों की चपेट में आ गए हैं। स्वास् Rating:
scroll to top