मुम्बई, 9 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के हरफनमौला खिलाड़ी डेविड वीज ने शनिवार को विराट कोहली की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की।
वीज ने कहा कि कोहली एक सकारात्मक सोच वाले कप्तान हैं जो अपनी क्षमता पर यकीन करते हैं और अपने मन के मुताबिक काम करते हैं।
रॉयल चैलेंजर्स को रविवार को मुम्बई में आईपीएल-8 के लीग मुकाबले में मुम्बई इंडियंस से भिड़ना है।
वीज ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, “मेरी नजर में कोहली एक शानदार कप्तान हैं। इस सत्र में उनकी चालें काफी कारगर रही हैं। लोग सोचते होंगे कि वह एक आक्रामक कप्तान हैं और हमेशा विकेट लेने के बारे में सोचते रहते हैं। मेरी भी नजर में यह जरूरी है क्योंकि इस फॉर्मेट में अप विकेट लेकर ही मैच जीत सकते हैं।”
वीज ने आठ मैचों में 106 रन बनाने के अलावा 10 विकेट भी हासिल किए हैं। वह मानते हैं कि उनकी टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और कई बार कप्तान के लिए अंतिम एकादश चुनना मुश्किल हो जाता है।
dharmpath.com dharmpath