मीरपुर (ढाका), 25 जून (आईएएनएस)। भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान और एकदिवसीय टीम के भावी कप्तान विराट कोहली ने बांग्लादेश के साथ समाप्त तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के दौरान अपने साथियों के प्रदर्शन और उनकी निर्णय क्षमता के साथ-साथ मैदान में उनकी शारीरिक भावभंगिमाओं पर सवाल खड़े किए हैं।
कोहली इस सीरीज में खुद भी बल्ले से सफल नहीं रहे लेकिन उनका मानना है कि मैदान में कुछ साथियों ने गलत निर्णय लिए और कुछ की शारीरिक भाषा सकारात्मक नहीं थी।
भारत को तीन मैचों की सीरीज में 1-2 से हार मिली। यह पहला मौका है, जब बांग्लादेश ने भारत को किसी एकदिवसीय सीरीज में हराया है।
कोहली ने एक टीवी इंटरव्यू में कहा, “हम जिस तरह से खेले, मैं उससे खुश नहीं हूं। हमारी निर्णय क्षमता सवालों के घेरे में है और यह साफ-साफ मैदान में दिखा।”
भारत ने तीन मैचों की इस सीरीज में एकमात्र जीत बुधवार को दर्ज की। उसने मेजबान टीम को 77 रनों से हराकर खुद को हार की हैट्रिक से बचा लिया।
dharmpath.com dharmpath