मुंबई, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रमुख रेटिंग एजेंसी क्रिसिल ने मंगलवार को कहा कि 31 मार्च, 2016 को समाप्त प्रथम तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 40 फीसदी बढ़ा।
वैश्विक विश्लेषण कंपनी लेखापरीक्षा के लिए जनवरी-दिसंबर वित्त वर्ष का पालन करती है।
कंपनी ने कहा कि आलोच्य अवधि में उसका शुद्ध लाभ बढ़कर 78.60 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले समान अवधि में 56.32 करोड़ रुपये था।
कंपनी की कुल समेकित आय इस दौरान 17 फीसदी बढ़कर 358.67 करोड़ रुपये दर्ज की गई, जो एक साल पहले 307.62 करोड़ रुपये थी।
एकल आधार पर कंपनी का शुद्ध लाभ 44 फीसदी बढ़कर 65.64 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले समान अवधि में 45.61 करोड़ रुपये था। कुल आय 16.45 फीसदी बढ़कर 259.23 करोड़ रुपये रही, जो एक साल पहले समान अवधि में 222.61 करोड़ रुपये थी।
कंपनी ने 31 दिसंबर, 2016 को समाप्त होने वाले वित्त वर्ष के लिए अपने एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर पांच रुपये का अंतरिम लाभांश घोषित किया।
क्रिसिल के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशु सुयश ने कहा, “क्रिसिल के पोर्टफोलिया कारोबार की विविधता से कंपनी के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन का पता चलता है।”
dharmpath.com dharmpath