पटना, 13 दिसंबर (आईएएनएस)। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार अभिनेता पवन सिंह और खूबसूरत अदाकारा संचिता बनर्जी की जोड़ी पहली बार ‘क्रेक फाइटर’ में देखने को मिलेगी।
उपेंद्र सिंह फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म के निर्माता उपेंद्र सिंह हैं जबकि निर्देशन की कमान निर्देशक सुजीत कुमार सिंह ने थामी है।
सुजीत अभिनेता पवन सिंह के साथ अब तक कई बड़ी हिट फिल्मों का निर्देशन कर चुके है। उन्होंने दावा किया कि यह भोजपुरी में अब तक की सबसे महंगी फिल्म होगी।
निर्देशक सुजीत ने बताया कि इस फिल्म की शूटिंग झारखंड के पलामू जिले की खूबसूरत वादियों में लगातार चल रही है।
उन्होंने कहा, “पवन के साथ मैंने जितनी भी फिल्में की है, वे सभी सफल रही हैं, इस कारण मुझे इस फिल्म से भी काफी उम्मीदें हैं। इस फिल्म में पवन अपनी पुरानी फिल्मों से अलग लुक में नजर आएंगे। संचिता भी इस फिल्म में खूबसूरत नजर आएंगी।”
फिल्म के प्रचारक सोनू निगम ने बताया कि फिल्म में बॉलीवुड के चर्चित खलनायक प्रदीप रावत भी दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे। इसमें अभिनेता व गायक पवन सिंह, अभिनेत्री संचिता बनर्जी के अलावा धामा वर्मा, ब्रजेश त्रिपाठी, उमेश सिंह, अभिषेक पांडेय भी हैं।
dharmpath.com dharmpath