कैलिनिनग्राद (रूस), 23 जून (आईएएनएस)। आइसलैंड की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कोच हेइमीर हैलग्रिमसन ने कहा कि उनकी टीम क्रोएशिया को हराने की पूरी कोशिश करेगी।
कोच हैलग्रिमसन जानते हैं कि उन्हें ग्रुप-डी में क्रोएशिया के खिलाफ कड़ी चुनौती मिलेगी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार रात खेले गए मैच में आइसलैंड को नाइजीरिया के हाथों 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था, वहीं क्रोएशिया ने अर्जेटीना को मात दी थी।
आइसलैंड अपने अंतिम ग्रुप मैच में क्रोएशिया से भिड़ेगी, वहीं नाइजीरिया का सामना अर्जेटीना से होगा।
पिछले चार साल में आइसलैंड का सामना क्रोएशिया से चार बार हो चुका है।
हैलग्रिमसन ने कहा, “आइसलैंड और क्रोएशिया की टीम शादीशुदा जोड़े की तरह है, जो तलाक चाहता है लेकिन हम हमेशा मिलते हैं।”
कोच ने कहा, “हम जानते हैं कि यह मैच कैसा होगा। क्रोएशिया ने दिखा दिया है कि उसके अंदर बड़ी टीमों को हराने की क्षमता है। उनके दो प्रदर्शन शानदार रहे हैं। अर्जेटीना के खिलाफ 3-0 की जीत एक बड़ा उदाहरण है। हम भी आत्मविश्वास से भरपूर हैं और जानते हैं कि उनके खिलाफ जीत हासिल कर लेंगे।”
dharmpath.com dharmpath