वॉशिंगटन, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में डेमोक्रेटिक पार्टी में आगे चल रहीं हिलेरी क्लिंटन और उनके प्रतिद्वंद्वी बर्नी सैंडर्स 19 अप्रैल को प्रस्तावित न्यूयॉर्क प्राइमरी से पहले 14 अप्रैल को ब्रूकलिन में बहस के लिए राजी हो गए हैं।
बहस रात नौ बजे ‘ब्रूकलिन नेवी यार्ड’ में होगी। बहस की मेजबानी टीवी चैनल्स सीएनएन और एनवाय1 करेंगे।
न्यूयॉर्क में डेमोक्रेटिक बहस के लिए दिन और समय तय करने की कोशिश में क्लिंटन और सैंडर्स के प्रचार प्रबंधकों के बीच बहस के कार्यक्रमों केआगे-पीछे होने के एक सप्ताह बाद सोमवार को यह घोषणा की गई है।
साप्ताहांत में क्लिंटन के प्रचार प्रबंधकों ने सैंडर्स पर बहस के कार्यक्रम को लेकर खेल खेलने और 14 अप्रैल की तारीख सहित उनके द्वारा प्रस्तावित तीन संभावित तिथियों को खारिज करने का आरोप लगाया था।
क्लिंटन के राष्ट्रीय प्रेस सचिव ब्रायन फेलॉन ने सोमवार रात ट्विटर पर लिखा, “ब्रूकलिन। 14 अप्रैल। यह तय है।”
जनवरी में सैंडर्स समेत डेमोक्रेटिक पार्टी के अधिकांश लोगों ने बहस के कम कार्यक्रमों को लेकर आलोचना की थी। इसके बाद हिलेरी और सैंडर्स के प्रचार प्रबंधक चार अतिरिक्त बहसों के लिए राजी हो गए थे।
डेमोक्रेटिक पार्टी में उम्मीदवारी की दौड़ में अब तक क्लिंटन 1,742 मतों के साथ सैंडर्स से आगे चल रही हैं। सैंडर्स को 1,050 मत हासिल हुए हैं। सीएनएन की रपट के मुताबिक, पार्टी की ओर से उम्मीदवारी हासिल करने के लिए क्लिंटन को अब भी अतिरिक्त 600 मतों की जरूरत है।
dharmpath.com dharmpath