क्वेटा, 13 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में एक पोलियो केंद्र के पास बुधवार को एक विस्फोट हुआ, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हुए हैं।
बलूचिस्तान के गृहमंत्री मीर सरफराज बुगती ने यह जानकारी दी।
समाचारपत्र ‘डॉन’ ने बुगती के हवाले से कहा कि विस्फोट में मरने वाले 14 लोगों में से 13 पुलिसकर्मी हैं।
विस्फोट के बाद बुगती ने संवाददाताओं को बताया, “निश्चित तौर पर इस विस्फोट को एक आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया है।”
बुगती ने कहा, “यह विस्फोट बलूचिस्तान की शांति भंग करने के लक्ष्य से किया गया। हम आतंकवादियों के आगे घुटने नहीं टेकेंगे।”
क्वेटा के पुलिस उपमहानिरीक्षक सैयद इम्तियाज शाह ने कहा कि इस विस्फोट में सात से आठ किलोग्राम का विस्फोटक इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि इस विस्फोट में मारे गए लोगों को पोलियो कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था।
पीड़ितों में ज्यादातर पुलिस अधिकारी हैं और उन्हें क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया है। क्वेटा में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।
एक वरिष्ठ चिकित्सक रशीद जमाली ने ‘डॉन’ को बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच पीड़ितों को क्वेटा के संयुक्त सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उन्होंने इलाके में एक जोरदार विस्फोट और उसके बाद गोलियां चलने की आवाज भी सुनी। बचावकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए।
सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है।
dharmpath.com dharmpath