चेन्नई, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। तमिल सुपरहिट फिल्म ‘कथ्थी’ की रीमेक ‘खिलाड़ी नंबर-150’ में चिरंजीवी के साथ तेलुगू फिल्म जगत में शुरुआत कर रहें अभिनेता तरुण अरोड़ा का कहना है कि यह फिल्म भारतीय व्यवसायी विजय माल्या के पर आधारित है।
मूल फिल्म में तरुण वाली भूमिका नील नितिन मुकेश ने निभाई थी।
तरुण ने आईएएनएस से कहा, “मैं मूल रूप से नील द्वारा निभाई गई भूमिका की तुलना में परिपक्व और उम्रदराज व्यक्ति के किरदार में हूं। निर्माताओं ने मेरे किरदार में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन इसे हम अलग तरीके से पेश करेंगे। मुझे संक्षेप में बताया गया है कि यह विजय माल्या की तरह होगा।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह एक जटिल खलनायक का किरदार निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि दर्शक उन्हें माल्या के सुनहरे दौर को दिखाने वाले किरदार में सूट पहने देखेंगे।
फिल्म के कुछ दृश्यों की शूटिंग पहले ही कर चुके तरुण बुधवार को दोबारा शूटिंग में शामिल होंगे। वह अभिनेता चिरंजीवी के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
वी.वी. विनायक द्वारा निर्देशित व राम चरण द्वारा निर्मित इस फिल्म में काजल अग्रवाल भी प्रमुख भूमिका में हैं।
अपने लिए बेहतरीन शुरुआत मानने वाले तरुण ने कहा, “चिरंजीवी सर के साथ काम करने का मौका मिलने पर मैं खुद को भाग्यशाली और खुशकिस्मत मानता हूं। यह मेरी तेलुगू फिल्म जगत में बेहतरीन शुरुआत है और मैं इसे एक उपलब्धि मानता हूं।”
तरुण ने इस फिल्म में काम करने के अब तक के अनुभव को शानदार बताया है। उनका कहना है कि फिल्म के निर्देशक विनायक बहुत प्रोत्साहित करते हैं।
पिछले साल तमिल फिल्म ‘कनिथन’ से दक्षिण भारतीय फिल्म जगत में शुरुआत करने वाले तरुण को कॉमेडी फिल्म ‘कथि संदाई’ की रिलीज का इंतजार है।
dharmpath.com dharmpath