नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। खेल जगत की हस्तियों ने ट्विटर के जरिए इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन को सराहा।
हालांकि, भारतीय टीम खिताबी जीत हासिल करने में नाकाम रही।
लॉर्डस क्रिकेट ग्राउंड पर रविवार को खेले गए फाइनल मैच में इंग्लैंड ने भारत को नौ रनों से हरा दिया।
मिताली राज की कप्तानी में भारतीय टीम की ओर से दिए गए प्रदर्शन की पी.वी. सिंधु, मैरी कॉम, साक्षी मलिक, आकाश चोपड़ा, वीरेंद्र सहवाग, युवराज सिंह, मोहम्मद कैफ, शिखर धवन और हर्षा भोगले ने सराहना की।
भारतीय ओलम्पिक मुक्केबाज मैरी ने कहा, “हमारी महिला क्रिकेट टीम को मेरा सलाम और शानदार प्रदर्शन के लिए उनके साथ मेरा समर्थन है।”
साक्षी मलिक ने कहा, “आपकी हार और जीत से मायने नहीं रखती, लेकिन आपने अरबों लोगों का दिल जीत लिया। आपने हम सभी को गौरवांन्वित किया है।”
सहवाग ने ट्वीट किया, “इतने पास होके भी इतनी दूर। इतने लंबे समय में इतना बेहतरीन वनडे मैच देखा। दिन बहुत मुश्किल था, लेकिन महिला क्रिकेट खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। शुक्रिया। आपकी क्षमता को सलाम।”
युवराज सिंह ने कहा, “विश्व कप में भारतीय महिलाओं का शानदार प्रदर्शन। आप सब पर गर्व है। इंग्लैंड को भी बधाई।”
कैफ ने अपने ट्वीट में कहा, “इंग्लैंड को बधाई, लेकिन अपनी महिला टीम पर गर्व है। उन्होंने अरबों का दिल जीता। महिला क्रिकेट में यह पल शानदार है।”
हर्षा ने कहा, “यह अनुभव महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर करेगा। उन्होंने अन्य को दिखाया है कि क्या संभव है। इस खेल से कम से कम तीन खिलाड़ियां उभरी हैं।”
दीपा करमाकर ने कहा, “जब आप किसी संघर्ष में हार जाते हैं, लेकिन लड़ाई जीत जाते हैं। आपने भारत में महिला क्रिकेट की स्थिति को बदल दिया है।”
ओलम्पिक की रजत पदक विजेता सिंधु ने कहा, “कड़ा संघर्ष। आपने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और देश को गौरवांन्वित किया है।”
dharmpath.com dharmpath