खेल रत्न अवार्ड की दौड़ में सानिया शीर्ष पर

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मौजूदा वर्ष में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही देश की दिग्गज टेनिस स्टार सानिया मिर्जा देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड की दौड़ में भी सबसे आगे चल रही हैं।

अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के सूत्रों ने शनिवार को आईएएनएस से कहा, “विंबलडन से पहले पद्मभूषण अवार्ड के लिए सानिया के नाम की सिफारिश की गई थी। उस समय आवदेन भरे ही जा रहे थे। लेकिन उसके बाद खेल मंत्रालय ने हमें उनका नाम खेल रत्न अवार्ड के लिए भेजने के लिए कहा।”

सानिया पिछले वर्ष हुए एशियाई खेलों में मिश्रित युगल स्पर्धा में स्वर्ण और महिला युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने में सफल रही थीं।

ऐसा माना जा रहा है कि खेल मंत्रालय ने खुद पुरस्कार समिति को खेल रत्न के लिए सानिया के नाम की सिफारिश की है। पुरस्कार समिति कुछ ही दिनों में अवार्ड पर अंतिम फैसला करेगी।

खेल रत्न के लिए पुरस्कार समिति के पास सानिया के अलावा शीर्ष स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लिकल, गोला फेंक विकास गौड़ा और हॉकी टीम के कप्तान सरदार सिंह के नाम की सिफारिशें भी मिली हैं।

सानिया ने इस वर्ष कई खिताब जीते, हालांकि विंबलडन में स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ महिला युगल वर्ग की खिताबी जीत उनकी सबसे बड़ी सफलता रही।

सानिया को 2004 में अर्जुन अवार्ड प्रदान किया जा चुका है। दो वर्ष बाद ही उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘पद्मश्री’ से नवाजा गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493