नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। देश में खेल संस्कृति, विशेषकर फुटबाल के खेल को बढ़ावा देने के लिए एक समारोह के दौरान लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने दोनों सांसदों को फुटबाल भेंट में दिया।
इस जन जागरूकता कार्यक्रम में सांसदों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
इस साल भारत में पहली बार फुटबाल अंडर-17 विश्व कप टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। यह इस साल अक्टूबर में होगा।
युवा मामले और खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य फुटबाल को समूचे भारत में बढ़ावा देने के मिशन ’11 मिलियन प्रोग्राम’ को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर युवा मामले और खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा कि फीफा अंडर-17 विश्व कप प्रतियोगिता का आयोजन अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) के साथ मिल कर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि फुटबाल संस्कृति के निर्माण के लिए ’11 मिलियन प्रोग्राम’ अभियान शुरू किया गया है, ताकि फुटबाल को 15 हजार स्कूलों के माध्यम से 1.1 करोड़ बच्चों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मार्च, 2017 को मन की बात कार्यक्रम के अंतर्गत कहा था कि फीफा अंडर-17 विश्व कप प्रतियोगिता युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, जो देश में खेलों के प्रति एक क्रांति ला सकता है।
dharmpath.com dharmpath