नई दिल्ली, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। बढ़ते तापमान के साथ समय आ गया है कि अपने घर को भी गर्मियों के मौसम के अनुरूप तैयार किया जाए। हल्के रंगों के प्रयोग से लेकर, दरियों, कालीनों को समेट कर रखना और फर्नीचर को सही जगह रखना जैसे कुछ आसान उपाय हैं, जिनकी मदद से आप अपने घर को गर्मियों के लिए तैयार कर सकती हैं।
लक्जरी गृह सज्जा ब्रांड ‘एड्रेस होम’ की संस्थापक और निदेशक रजत सिंघी ने गर्मियों के अनुरूप घर के मेकओवर के लिए कुछ टिप्स दिए हैं :
ताजगी भरे रंग : गर्मियों में ताजगी भरे अहसास के लिए अपने घर को सफेद या हल्के नीले रंग में पेंट कराएं। गृह सज्जा के लिए इस मौसम में हल्के रंग बेहद अनुकूल हैं।
दरियों, कालीनों को हटाएं : गर्मियों में मार्बल या पत्थर के फर्श पर नंगे पांव चलना बेहद सुखद अहसास देता है। सर्दियों में बिछी दरियों, कालीनों को हटा दें और अपने घर के साथ ही अपने पैरों को भी ताजगी की सांस लेने दें।
अपहोल्स्ट्री बदलें : गर्मियों में गहरे रंगों की जगह पेस्टल रंग और फूलों वाले प्राकृतिक प्रिंट़्स सुखद अहसास देते हैं। अपने कमरे को गर्मियों की लुक के लिए तैयार करने के लिए कमरे को हल्के रंगों और ठंडक भरे प्रिंट्स वाली अपहोल्स्ट्री और कुशन कवर्स से सजाएं।
फर्नीचर को सही जगह रखें : मौसम के अनुरूप अपने फर्नीचर को भी सही जगह रखना जरूरी है। सर्दियों में जहां गुनगुनी धूप का अहसास सुखद होता है, वहीं गर्मियों में अपने फर्नीचर को ऐसी जगह रखना जरूरी हैं जहां सीधी धूप न पड़े। लो हाईट फर्नीचर, फ्लोर कुशन्स आदि गर्मियों में बैठने के लिए अच्छा विकल्प हैं।
बच्चों के लिए बनाएं एक्टिविटी कॉनर्र : गर्मियां आती हैं तो साथ लाती हैं बच्चों के स्कूल की दो महीने की लंबी छुट्टियां। घर के किसी ठंडक भरे स्थान पर बच्चों के लिए एक एक्टिविटी कॉर्नर बनाएं। इसके लिए आप वहां एक पर्दा टांग सकते हैं या इस जगह को अलग करने के लिए लकड़ी के पार्टिशन का इस्तेमाल कर सकते हैं। यहां बच्चों के लिए खिलौने, किताबें, क्राफ्ट का सामान, बच्चों के बीन बैग्स जैसे सामान रखें, जिससे आपका बच्चा अपने इस पसंदीदा कोने में अपने समय का रचनात्मक और मजेदार प्रयोग कर पाए।
ले आएं हरियाली : गर्मियों में हरे-भरे पौधों से घर में हरियाली लाएं। अपनी बालकनी में आप ढेर सारे पौधे लगा सकते हैं तो वहीं अपने लिविंग रूम को इंडोर प्लांट्स और फूलों के गुलदस्तों से सजाकर खूबसूरत और ताजगी भरा बनाया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath