लॉस एंजेलिस, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेता हैरीसन फोर्ड को एक अमेरिकी हवाई अड्डे पर गलती से अपने विमान को टैक्सीवे पर उतारने के मामले में कोई सजा नहीं मिलेगी।
समाचार पत्र ‘द गार्डियन’ के मुताबिक, कैलिफोर्निया हवाई अड्डे पर फरवरी में हुई इस घटना के बाद से फोर्ड जांच का सामना कर रहे थे। अभिनेता ने गलती से सिंगल-इंजन एविएट हस्की विमान को रनवे के बजाय टैक्सीवे पर उतार दिया था। उस वक्त एक विमान टेकआफ करने वाला था।
फोर्ड के वकील ने बताया कि संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) फोर्ड पर जुर्माना नहीं लगाएगा और बिना किसी प्रतिबंध के अभिनेता का लाइसेंस बरकरार रहेगा।
वकील स्टीफन होफर ने अपने बयान में लिखा, “एफएए ने फोर्ड से पूछताछ करने के साथ ही इस घटना की पूरी जांच-पड़ताल की और यह फैसला किया गया कि कोई भी प्रशासनिक या प्रवर्तन से संबंधित कार्रवाई की जरूरत नहीं है।”
होफर ने बताया कि एजेंसी ने फोर्ड के संघीय नियमों को मानने के लंबे इतिहास और जांच के दौरान उनके सहयोगात्मक रवैये को देखते हुए ऐसा किया।
अभिनेता ने इससे पहले 2015 आपात स्थिति में सैंटा मोनिका के एक गोल्फ कोर्स में विमान उतारा था। तब उनका हाथ टूट गया था और सिर में हल्की चोट लगी थी।
dharmpath.com dharmpath