गाल, 6 अगस्त (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम ने गाल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन शनिवार को ही आस्ट्रेलिया को 229 रनों से मात देते हुए तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
आस्ट्रेलिया को अपनी दूसरी पारी में जीत के लिए 413 रन बनाने थे, लेकिन उसकी पूरी टीम 183 रनों पर ही ढेर हो गई।
अपने दूसरे दिन (शुक्रवार) के स्कोर 25 रन पर तीन विकेट से आगे खेलने उतरी आस्ट्रेलियाई टीम का पहला विकेट डेविड र्वानर (41) के रूप में 61 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्हें दिलरुवान परेरा ने अपना शिकार बनाया।
वार्नर के जाने के बाद विकेट गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ वो रूका नहीं। वार्नर के अलावा कप्तान स्टीवन स्मिथ (30) ही श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने थोड़ा संघर्ष करते नजर आए।
हालांकि एडम वोग्स (28), पीटर नेविल (26) और मिशेल स्टार्क (26) ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन वह इसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए।
श्रीलंका की तरफ से परेरा ने सर्वाधिक छह विकेट लिए। उनके अलावा हेराथ ने दो विकेट लिए। लक्षण संदकाना ने एक विकेट लिया। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। परेरा और हेराथ ने पहली पारी में भी चार-चार विकेट लिए थे। परेरा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 281 रन बनाए थे। जबाव में आस्ट्रेलिया की पहली पारी 106 रनों पर ही सिमट गई थी। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 237 रन बनाते हुए आस्ट्रेलिया के सामने 413 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था जिसे वह हासिल नहीं कर पाई।
इस टेस्ट मैच की सबसे बड़ी बात दूसरे दिन 21 विकटों का गिरना था। आस्ट्रेलिया की पहली पारी के आठ विकेट और दूसरी पारी के तीन विकेट के अलावा श्रीलंका की दूसरी पारी दूसरे दिन ही सिमट गई थी।
श्रीलंका को जीतने के लिए बाकी तीन दिनों में सात विकेट की जरूरत थी जिसे उसने तीसरे दिन ही हासिल कर लिया।
dharmpath.com dharmpath