ढाका, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में एक प्रतिबंधित इस्लामिक आतंकवादी समूह का नेता मंगलवार को एक ग्रेनेड विस्फोट में मारा गया। उसे एक दिन पहले चटगांव में गिरफ्तार किया गया था।
जमात-उल मुजाहिदीन (जेएमबी) के मिलिट्री विंग के प्रमुख व पेशे से टेक्सटाइल इंजीनियर मोहम्मद जावेद (26) को एक तलाशी अभियान के दौरान चटगांव के ख्वाजनगर इलाके के एक घर से गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले, दिन में जेएमबी के चार अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था।
चटगांव पुलिस की खुफिया शाखा के अतिरिक्त उपायुक्त बाबुल अख्तर ने बीडीन्यूज24 से कहा कि सोमवार देर रात को पुलिस जावेद को लेकर एक छापेमारी में जा रही थी, जिस दौरान ग्रेनेड हमले में वह मारा गया।
अख्तर ने कहा, “ग्रेनेड में विस्फोट हुआ, जिससे जावेद मारा गया। इस दौरान तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।”
छापेमारी के दौरान नौ हथगोले, 120 राउंड कारतूस, एक पिस्तौल, 10 चाकू और भारी मात्रा में बम बनाने के सामान भी बरामद हुए।
सूत्रों के मुताबिक, जावेद साल 2012 से ही प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से जुड़ा हुआ था।
dharmpath.com dharmpath