गुवाहाटी टी-20 : जेसन के सामने पस्त हुए भारतीय बल्लेबाज (लीड-1)

गुवाहाटी, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभी तक बेहतरीन फॉर्म में चल रहा भारतीय टीम का मजबूत बल्लेबाजी आक्रमण मंगलवार को यहां के नए बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टी-20 मैच में आस्ट्रेलिया के सामने ताश के पत्तों की तरह बिखर गया।

आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और उसके गेंदबाजों ने कप्तान डेविड वार्नर के फैसले को सही साबित करते हुए भारत को 20 ओवरों में 118 रनों पर ही ढेर कर दिया।

न विराट कोहली का बल्ला चला न शिखर धवन की धमक देखने को मिली। रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धौनी भी सस्ते में निपट लिए। मेजबान टीम की तरफ से केदार जाधव ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए।

हार्दिक पांड्या ने 25 रन बनाए और कुलदीप यादव (16) के साथ आठवें विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। जाधव ने भी धौनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 33 रन जोड़े। इन दो साझेदारियों के कारण ही भारत 100 का आंकड़ा पार कर पाने में सफल रहा।

आस्ट्रेलिया की तरफ से जेसन के अलावा एडम जाम्पा ने दो विकेट लिए। नाथन कल्टर नाइल, मार्कस स्टोइनिस और एंड्रयू टाई को एक-एक सफलता मिली। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ।

भारत ने पहले ही ओवर में रोहित (8) और कोहली (0) जैसे बल्लेबाजों को खो दिया था। रोहित ने मैच की पहली और तीसरी गेंद पर जेसन पर दो चौके जड़े, लेकिन चौथी गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। एक गेंद बाद कप्तान को भी अंपायर ने पगबाधा आउट करार दे दिया।

अपना दूसरा और पारी का तीसरा ओवर फेंकने आए जेसन की पहली गेंद पर मनीष पांडे (6) ने चौका मारा, लेकिन अगली ही गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन के हाथों लपके गए। जेसन ने ही धवन (2) की पारी का अंत किया।

धौैनी (13) से टीम को उम्मीदें थी, लेकिन जाम्पा ने उनको पेन के हाथों स्टम्प कराया। यह पहला मौका था जब धौनी टी-20 में स्टम्पिंग का शिकार हुए हों। अच्छी लय में खेल रहे जाधव को भी जाम्पा ने बोल्ड किया। भुवनेश्वर कुमार (1) नाइल का शिकार बने।

यहां से कुलदीप और पांड्या ने टीम को संभाला और टीम का स्कोर सौ के पार ले गए। पांड्या स्टोइनिस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में 104 के कुल स्कोर पर आउट हुए।

जसप्रीत बुमराह ने एक चौके की मदद से सात रन बनाए। कुलदीप पारी की आखिरी गेंद पर भारत के आखिरी विकेट के तौर पर आउट हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493