जोहांसबर्ग, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी कोच पद से इस्तीफा दे दिया। उन्हें जून-2011 में दक्षिण अफ्रीका का गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया था।
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट (सीएसए) ने मंगलवार को एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी।
उनके कार्यकाल में दक्षिण अफ्रीकी टीम 2012 में टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने में कामयाब रही।
समाचार वेबसाइट बीबीसी के अनुसार डोनाल्ड ने कहा, “मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे विश्व के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज आक्रमण के साथ चार साल से ज्यादा समय तक काम करने का मौका मिला और मैं अच्छी यादों के साथ विदा ले रहा हूं।”
डोनाल्ड के कोच पद से अलग होने के फैसले पर सीएसए के मुख्य कार्यकारी हारून लोगार्ट ने मंगलवार को कहा, “डोनाल्ड जैसे दिग्गज को खोना कभी आसान नहीं होता लेकिन हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं।”
गौरतलब है कि डोनाल्ड पिछले महीने खत्म हुए विश्व कप में भी दक्षिण अफ्रीकी टीम के साथ थे और टीम सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रही।
डोनाल्ड के अनुसार, “विश्व कप-2015 के बाद मेरे पास भविष्य के बारे में सोचने के लिए कुछ समय था और मैं इसी नतीजे पर पहुंचा कि अब यहां से आगे बढ़ने का यह सही समय है। खिलाड़ी के तौर पर करियर समाप्त होने के बाद मैं हमेशा से क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के साथ काम करना चाहता था। मैं भाग्यशाली हूं कि मुझे यह मौका मिला। पिछले चार साल मेरे लिए बहुच शानदार रहे।”
सीएसए की विज्ञप्ति के अनुसार अगले कुछ दिनों में नए गेंदबाजी कोच के बारे में कोई फैसला ले लिया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका को जुलाई में बांग्लादेश का दौरा करना है।
dharmpath.com dharmpath