मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आठवें संस्करण के 39वें मैच में मुंबई इंडियंस से मिली हार का ठीकरा दिल्ली डेयरडेविल्स के कप्तान ज्यां पॉल ड्यूमिनी ने गेंदबाजों के सिर फोड़ा है। ड्यूमिनी के अनुसार गेंदबाजों को और यॉर्कर गेंदे डालनी चाहिए थी, जो वह नहीं कर सके।
ड्यूमिनी ने कहा, “हमने कुछ शुरुआती विकेट हासिल किए, लेकिन कीरन पोलार्ड हमसे मैच दूर ले जाने में कामयाब हुए। हमने अच्छी यॉर्कर गेंदे भी नहीं डाली जो हम आमतौर पर करते हैं।”
पोलार्ड ने 14 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 26 रनों की नाबाद पारी खेली।
ड्यूमिनी ने माना कि उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुछ रन भी कम बनाए।
ड्यूमिनी ने कहा, “हमें 170-175 तक का स्कोर खड़ा करना चाहिए था, लेकिन कम रन के बावजूद हम मैच को आखिरी ओवरों तक ले जा सके, यह अच्छी बात है।”
हार के बाद डेयरडेविल्स अब छठे पायदान पर हैं। ड्यूमिनी के अनुसार, प्लेऑफ में पहुंचने के लिए टीम के खिलाड़ियों को अभी अपना मनोबल ऊंचा रखना होगा।
ड्यूमिनी ने कहा, “अभी चार लीग मैच और खेलने हैं। ऐसे में हमें अपना मनोबल ऊंचा रखते हुए अगले मैच पर ध्यान देना चाहिए।”
dharmpath.com dharmpath