गॉल टेस्ट : पाकिस्तान के 5 विकेट गिरे, श्रीलंका मजबूत

गॉल (श्रीलंका), 19 जून (आईएएनएस)। श्रीलंका ने गॉल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को केवल 118 रनों पर पाकिस्तान के पांच विकेट झटककर अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है। मेजबान श्रीलंका पहली पारी में 300 रन बनाकर आउट हुआ।

पाकिस्तान की ओर से अशद शाफिक (14 नाबाद) और सरफराज अहमद (15 नाबाद) क्रीज पर हैं। पाकिस्तान पहली पारी के आधार पर श्रीलंका से अब भी 182 रन पीछे है। बारिश के कारण आठ ओवर पहले ही दिन के खेल को समाप्त करना पड़ा।

बहरहाल, पाकिस्तान की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही और उसके खाते में कुल 35 रन ही जुड़े थे कि टीम के शीर्ष तीन बल्लेबाज मोहम्मद हफीज (2), अहमद शहजाद (9) और अजहर अली (8) पवेलियन लौट गए।

इसके बाद यूनिस खान (47) और कप्तान मिस्बाह उल हक (20) ने चौथे विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी कर टीम को मुश्किलों से उबारने की कोशिश की। दिलरुवान परेरा ने यूनिस को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। यूनिस ने 79 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।

मिस्बाह 60 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाकर नुवान प्रदीप का शिकार हुए। श्रीलंका की ओर से धम्मिका प्रसाद को भी दो सफलताएं मिली। रंगना हेराथ ने एक विकेट हासिल किया।

इससे पूर्व, दूसरे दिन के तीन विकेट के नुकसान पर 178 रनों से आगे खेलने उतरी श्रीलंका की टीम के लिए कौशल सिल्वा (125) ने शानदार पारी खेली और दिन का मुख्य आकर्षण रहे। सिल्वा नौवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। उन्होंने 300 गेंदों की अपनी धैर्यपूर्ण पारी में 16 चौके लगाए। कुमार संगकारा ने 50 रनों का योगदान दिया।

पाकिस्तान की ओर से वहाब रियाज और जुल्फिकार बाबर को तीन-तीन विकेट मिले। यासिर शाह तथा मोहम्मद हफीज ने दो-दो सफलता हासिल की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493