नई दिल्ली, 13 जून (आईएएनएस)। ऊषा जूनियर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे शिविर का दिल्ली के गोल्फ क्लब में समापन हो गया है।
मंगलवार को समाप्त हुए इस शिविर में एमेच्योर गोल्फर वनिष्का बत्रा, देवांगना जैन, रोहन लखवानी और मेहेर गेहानी ने अलग-अलग वर्गो में सबसे अधिक पुरस्कार जीते।
इस प्रशिक्षण शिविर का संचालन गोल्फर अंजली चोपड़ा कर रहीं थी। इसका लक्ष्य आठ से 17 आयुवर्ग के खिलाड़ियों का परिचय गोल्फ से कराना था और जूनियर खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना था।
जूनियर प्रशिक्षण कार्यक्रम के 31वें संस्करण को चार वर्गो में विभाजित किया गया था। प्रत्येक वर्ग का शिविर 10 दिन का था। पहले वर्ग के कार्यक्रम की शुरुआत 15 मई से हुई। इसके बाद दूसरे वर्ग की 25 मई को और तीसरे वर्ग की चार जून को हुई। अब चौथे वर्ग के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 14 जून को होगी।
विक्रम सेठी, नोनिता लाल कुरैशी, अंजली चोपड़ा और जसजीत सिंह जैसे शीर्ष स्तरीय कोचों के मार्गदर्शन में हर खिलाड़ी को इस खेल की आधारभूत चीजें सिखाई जा रही हैं।
खिलाड़ियों की क्षमता और अनुभव के आधार पर शिविर को तीन स्तरों, आधुनिक, माध्यमिक और शुरुआती में विभाजित किया गया है।
इस शिविर में रोजाना दो घंटे का अभ्यास होता है, जिसमें गोल्फ से जुड़ी हर प्रकार की बातें सिखाई जाती हैं।
हर शिविर के अंत में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी को पुरस्कृत किया जा रहा है।
dharmpath.com dharmpath