गोल्फ : चिक्का ने जीता ईगलबर्ग मास्टर्स खिताब

बेंगलुरू, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत के अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ खिलाड़ी एस. चिक्का ने शुक्रवार को हुए अंतिम राउंड में 5-अंडर-67 का स्कोर करते हुए भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर (पीजीटीआई) के टूर्नामेंट ईगलबर्ग मास्टर्स का खिताब जीत लिया है।

चिक्का का ओवरऑल स्कोर 15-अंडर-273 रहा।

चिक्का से दो शॉट पीछे एम. धर्मा और राहिल गंगजी संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। धर्मा ने अंतिम राउंड में 3-अंडर-69 और गंगजी ने 2-अंडर-70 का स्कोर किया। दोनों का ओवरऑल स्कोर 13-अंडर-275 रहा।

चिक्का ने इससे पहले तीन राउंड में क्रमश: 67, 69 और 70 का स्कोर किया और तीसरे राउंड तक संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर थे।

रोलेक्स रैंकिंग के मौजूदा चैम्पियन 22 वर्षीय चिक्का का बीता सप्ताह खास अच्छा नहीं रहा, लेकिन चौथे राउंड की उन्होंने शानदार शुरुआत की। पहले ही पार-5 वाले होल पर उन्होंने 12 फुट की दूरी से बर्डी हासिल की, जिससे उनका हौसला बढ़ गया।

मध्यांतर से पहले चिक्का ने सातवें होल पर एक और बर्डी हासिल की। अब तक चिक्का एक भी शॉट नहीं चूके, जिससे उनका आत्मविश्वास और बढ़ गया।

मध्यांतर के बाद उन्होंने 10वें और 11वें होल पर लगातार दो बर्डी के साथ शुरुआत की। हालांकि 14वें पार-3 होल पर वह बोगी लगा बैठे, लेकिन यह छोटी सी गलती साबित हुई और चिक्का ने 15वें और 17वें होल पर दो और बर्डी हासिल करते हुए खिताब पक्का कर लिया।

अंतिम राउंड में दर्शकों के बीच भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी भी मौजूद थे।

चिक्का ने खिताब जीतने के बाद कहा, “मुझे लगता है कि परिस्थिति जितनी कठिन होती है, मैं उतना ही अच्छा करता हूं। आज (शुक्रवार) मैं जरा भी दबाव में नहीं रहा और सिर्फ पुट हासिल करने पर केंद्रित रहा, जिससे कि मैं बर्डी हासिल कर सकूं।”

खिताब के साथ चिक्का को 4.5 लाख रुपये की इनामी राशि भी मिली और रोलेक्स रैंकिंग में वह 28वें स्थान से उछलकर 12वें पायदान पर आ गए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493