दुबई, 19 नवंबर (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी गुरुवार को 80 लाख डॉलर इनामी राशि वाले डीपी वर्ल्ड टूर चैम्पियनशिप के पहले दौर के बाद संयुक्त रूप से 46वें स्थान पर रहे।
जुमेराह गोल्फ एस्टेट्स के अर्थ कोर्स पर चल रहे मुकाबले में लाहिड़ी ने पहले दिन एक ओवर 73 का स्कोर हासिल किया।
लाहिड़ी ने दूसरे, छठे और 14वें होल पर बर्डी लगाईं, जबकि चौथे, नौवें, 15वें 17वें होल पर बोगी लगा बैठे।
जर्मनी के मार्टिन केमर, आस्ट्रेलिया के मार्कस फ्रेजर और इंग्लैंड के एंडी सुलिवान तथा इयान पोल्टर ने छह अंडर 66 का समान स्कोर करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
यह टूर्नामेंट यूरोपियन टूर का इस सत्र का आखिरी टूर्नामेंट है।
इटली के फ्रांसेस्को मोलिनारी ने 67 का स्कोर करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया और वह आयरलैंड के रॉरी मैक्लरॉय, दक्षिण अफ्रीका के ब्रांडेन ग्रेस, पराग्वे के फैब्रिजियो जानोट्टी, स्पेन के एलेजांद्रो कानाजारेस और मिगुएल एंजेल जिमिनेज और इंग्लैंड के डैनी विलेट, क्रिस वुड तथा मैथ्यू फिट्जपैट्रिक से एक शॉट आगे रहे।
dharmpath.com dharmpath