ढाका, 4 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय गोल्फ खिलाड़ी चिराग कुमार और शुभंकर शर्मा ने शनिवार को संपन्न हुए बांग्लादेश ओपन में संयुक्त रूप से चौथा स्थान हासिल किया।
चिराग ने आखिरी राउंड में 3 अंडर 68 का स्कोर किया, जबकि शुभंकर ने 1 अंडर 70 का स्कोर किया।
भारत के ही खलिन जोशी ने अंतिम दौर में 66 का स्कोर कर नौवां स्थान हासिल किया।
चिराग और शुभंकर का कुल स्कोर 10 अंडर 274 रहा। थाईलैंड के पानुफोल पिटायाराट ने अंतिम दिन 67 और रातनोन वानसरिचन ने 68 का स्कोर किया।
थाईलैंड के जैज जानेवाटनानोंद ने अंतिम दौर में 67 का स्कोर कर एशियन टूर में अपना पहला खिताब जीता।
जैज ने चार शॉट की बढ़त के साथ दिन की शुरुआत की थी। उन्होंने कुल स्कोर 267 के साथ पहला स्थान हासिल किया।
जैज ने कहा, “मैं इस जीत का लंबे समय से इंतजार कर रहा था। मैं जब 14 साल का था तभी मैंने एशियन टूर खेलना शुरू कर दिया था। यह मेरे लिए काफी राहत की बात है कि मैं यह खिताब जीत गया।”
स्थानीय खिलाड़ी सिद्दिकुर रहमान ने अपने समर्थकों को निराश नहीं किया और दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने अंतिम दौर में 66 का स्कोर किया।
अमेरिका के डोज केमेर ने एशियन टूर में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए अंतिम दौर में 68 का स्कोर किया और कुल 273 का स्कोर कर तीसरे स्थान पर रहे।
राशिद खान कुल 278 के स्कोर के साथ 13वें स्थान पर रहे। एम. धर्मा, हनी बसोया, मुकेश कुमार संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर रहे।
भारत के वरिष्ठ खिलाड़ी जीव मिल्खा सिंह (291) को 57वां स्थान हासिल हुआ।
dharmpath.com dharmpath