गोल्फ : भुल्लर को मॉरिशस ओपन से वापसी की उम्मीद

डोमेन डी बेल ओम्ब्रे (मॉरिशस), 6 मई (आईएएनएस)। पांच एशियाई टूर खिताब जीत चुके भारतीय गोल्फ खिलाड़ी गगनजीत भुल्लर पिछले वर्ष बाईं कलाई में चोट से परेशान रहे और गुरुवार से शुरू हो रहे 11 लाख डॉलर इनामी राशि वाले मॉरिशस ओपन से वह गोल्फ कोर्स में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

एशियन टूर, यूरोपियन टूर और सनशाइन टूर से मान्यता प्राप्त मॉरिशस ओपन से ठीक पहले भुल्लर ने बुधवार को कहा, “गोल्फ से अच्छी खासी छुट्टी के बाद अब मैं आगामी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार हूं। पिछले तीन महीनों से मैं गोल्फ कोर्स पर अच्छा कर रहा हूं। मैं इसमें और सुधार लाने में लगा हूं और मुझे कुछ चीजें सुधारनी हैं। पिछले महीने मैं थोड़ा संघर्ष कर रहा था, लेकिन अब मैं फिर से पुरानी लय में हूं।”

भुल्लर ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “पिछले साल खराब प्रदर्शन के पीछे चोट भी एक कारण रहा। अब मैं उससे पूरी तरह उबर चुका हूं और इस वर्ष के लिए पूरी तरह तैयार हूं। कलाई में हालांकि मुझे अभी भी हल्की सी परेशानी है, लेकिन मैं कठिन मेहनत कर रहा हूं।”

भुल्लर पिछले वर्ष एशियन टूर के चार टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके तथा यूरोपीयन टूर के आखिरी दो राउंड में भी प्रवेश करने से चूक गए।

भुल्लर इस समय विश्व वरीयता में 492वें पायदान पर हैं।

उन्होंने कहा, “अधिक से अधिक खेलने से मदद मिलेगी और मुझे लगता है कि मुझे खुद में अधिक विश्वास करना चाहिए। मैं वर्ष की शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका, क्योंकि मुझे खुद पर संदेह था।”

भुल्लर ने कहा, “मुझे सिर्फ आत्मविश्वास वापस हासिल करने की देर है, और यह तभी हो सकता है जब मैं अधिक से अधिक टूर्नामेंटों में हिस्सा लूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493