मकाऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गत चैम्पियन भारत के शीर्ष गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी ने शनिवार को संपन्न हुए 10 लाख डॉलर इनामी राशि वाले वेनेटिकन मकाऊ ओपन गोल्फ टूर्नामेंट में दूसरा स्थान हासिल किया।
लाहिड़ी के अलावा भारत के ही चिराग कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
टूर्नामेंट के तीसरे और आखिरी राउंड में लाहिड़ी ने तीन अंडर 68 का जबकि चिराग ने दो अंडर 69 का स्कोर हासिल किया।
39वें विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी की तीसरे राउंड की शुरुआत ही खराब रही और वह पहले ही होल पर बोगी लगा बैठे। हालांकि लाहिड़ी ने आठवें होल पर ईगल लगा बेहतरीन वापसी की।
लाहिड़ी ने इसके बाद 14वें और 16वें होल पर दो और बर्डी लगाए और ओवरलऑल 12 अंडर 201 (66,67,68) का स्कोर हासिल कर सके। लाहिड़ी विजेता आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड से तीन शॉट पीछे रहे।
एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी ने पिछले वर्ष स्कॉट हेंड को ही एक शॉट से मात देकर खिताब जीता था।
मैच के बाद लाहिड़ी ने कहा, “पिछले वर्ष हमने यहां काफी अच्छा वक्त बिताया था। दो वर्ष पहले भी वह (हेंड) मुझसे आगे चल रहा था, लेकिन मैं उसे पछाड़ने में सफल रहा था। उसने शायद इस दिन के लिए पूरे एक साल इंतजार किया। मेरे खया से हम दोनों ही इसके लिए तैयार थे।”
चिराग ने ओवरऑल 202 का स्कोर हासिल किया और तीसरे स्थान पर रहे।
एक अन्य भारतीय खिलाड़ी राशिद खान ने 203 का स्कोर हासिल कर आस्ट्रेलिया के सैम ब्राजेल के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर रहे।
dharmpath.com dharmpath