गोल्फ : मकाऊ ओपन में संयुक्त दूसरे रहे लाहिड़ी, चिराग

मकाऊ, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। शीर्ष भारतीय गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बान लाहिड़ी और भारत के ही चिराग कुमार रविवार को संपन्न हुए 10 लाख डॉलर इनामी राशि वाले वेनेटिकन मकाऊ ओपन में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।

टूर्नामेंट के चौथे और आखिरी चरण में लाहिड़ी ने पांच अंडर 66, जबकि चिराग ने छह अंडर 65 का स्कोर हासिल किया।

गत चैम्पियन लाहिड़ी और चिराग विजेता रहे आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड से तीन स्ट्रोक पीछे रहे।

पिछले वर्ष हेंड तीसरे दौर के बाद दो शॉट की बढ़त लेने में सफल रहे थे, लेकिन चौथे चरण में लाहिड़ी ने दमदार वापसी करते हुए एक शॉट से खिताब जीत ली थी।

हालांकि पिछली बार दूसरे स्थान पर रहे हेंड ने इस बार कोई गलती नहीं की और चौथे राउंड में 66 का स्कोर हासिल करते हुए ओवरऑल 20 अंडर 264 के स्कोर के साथ खिताब जीत लिया।

हेंड मकाऊ ओपन खिताब के साथ 180,000 डॉलर की इनामी राशि भी अर्जित की।

एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद लाहिड़ी ने शुरुआती दो होल पर बर्डी के साथ शानदार शुरुआत की। लाहिड़ी छठे, 10वें, 13वें और 18वें होल पर भी बर्डी लगाने में सफल रहे, लेकिन 12वें और 16वें होल पर वह बोगी लगा बैठे।

चिराग ने पहले, सातवें, 13वें और 18वें होल पर बर्डी लगाने के साथ दूसरे होल पर ईगल लगाया और 16वें होल पर एकमात्र शॉट चूके।

दूसरे स्थान के साथ चिराग ने 86,500 डॉलर की राशि भी अर्जित की और अगले वर्ष एशियन टूर कार्ड भी पाने में सफल रहे।

39वीं विश्व वरीयता प्राप्त लाहिड़ी ने मैच के बाद कहा, “मैं निराश नहीं हो सकता। मैंने चौथे चरण में अच्छा प्रदर्शन किया और हाल में की गईं गलतियां नहीं दोहराईं। जीत का पूरा श्रेय हेंड को जाता है। हेंड ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।”

टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ियों में राशिद खान 10 अंडर 274 के निराशानजनक स्कोर के साथ संयुक्त रूप से आठवें स्थान पर रहे, जबकि एस. एस. पी. चौरसिया संयुक्त 17वें, अभिजीत चड्ढा पूर्व एशियन टूर चैम्पियन ज्योति रंधावा के साथ संयुक्त रूप से 45वें स्थान पर रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493