अगस्ता (जार्जिया), 6 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत के गोल्फ खिलाड़ी अनिर्बन लाहिड़ी गुरुवार से शुरू हो रहे 80वें मास्टर्स टूर्नामेंट में अपने मौजूदा खेल सत्र में एक नई जान फूंकने के इरादे से उतरेंगे।
लाहिड़ी को इस सत्र में मनचाही शुरुआत नहीं मिली है। वह 10 टूर्नामेंट में सिर्फ एक बार ही शीर्ष 25 में जगह बना पाए हैं।
एशियन टूर में वह इंडियन ओपन का खिताब बचाने में कामयाब नहीं रहे और उन्हें तीसरे स्थान से ही संतोष करना पड़ा। ह्यूस्टन ओपन में भी उन्होंने अपने समर्थकों को निराश किया। अगस्ता में नेशनल गोल्फ क्लब में अच्छा प्रदर्शन उनके अभियान में जान फूंक सकेगा।
मास्टर्स जैसे बड़े टूर्नामेंट में खेलना किसी भी खिलाड़ी के लिए प्रेरणादायी होता है। विश्व में गोल्फ के 51वें नंबर के खिलाड़ी लाहिड़ी यहां चाहेंगे कि वह अपने अभी तक चले आ रहे दोयम दर्जे के प्रदर्शन को पीछे छोड़कर अच्छा प्रदर्शन करें।
पहले दो राउंड में लाहिड़ी विश्व के 24 नंबर के खिलाड़ी जिम्मी वॉल्कर और 44 नंबर के खिलाड़ी सोरन क्जेल्डसेन के साथ मुकाबला करेंगे।
नंबर दो खिलाड़ी अमेरिका के जॉर्डन स्पिथ अपना खिताब बचाने पहले दो राउंड में 25वें नंबर के खिलाड़ी पॉल कासे और ब्रायसन डेचामबेयु के साथ मुकाबला करेंगे।
dharmpath.com dharmpath