गोल्फ : मेबैंक चैम्पियनशिप में भिड़ेंगे शीर्ष खिलाड़ी

कुआलालम्पुर, 4 फरवरी (आईएएनएस)। एशियन टूर के अगले टूर्नामेंट मेबैंक चैम्पियनशिप में क्षेत्र के धुरंधर गोल्फ खिलाड़ी एकदूसरे को चुनौती देते नजर आने वाले हैं।

30 लाख डॉलर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट-2016 विजेता आस्ट्रेलिया के स्कॉट हेंड और पूर्व चैम्पियन भारत के अनिर्बान लाहिड़ी फिर से एकदूसरे को चुनौती देते नजर आएंगे।

सौजाना गोल्फ एंड कंट्री क्लब में अगले सप्ताह होने वाले टूर्नामेंट में हेंड पिछले वर्ष खिताब जीतने वाले पहले आस्ट्रेलियाई बने।

दोनों दिग्गजों के अलावा एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर रह चुके थाईलैंड के थोंगचाई जैदी और किराडेक एफिबार्नराट, अमेरिका के डेविड लिप्स्की, भारत के जीव मिल्खा सिंह, ज्योति रंधावा और अर्जुन अटवाल, चीन के लियांग वेन चोंग और फिलीपींस के जूविक पागुनसान भी हिस्सा लेंगे।

शनिवार को जारी वक्तव्य के अनुसार, एशियन टूर और यूरोपियन टूर द्वारा दोहरी मान्यता प्राप्त इस टूर्नामेंट में एशियन टूर के 40 अन्य चैम्पियन भी चुनौती पेश करेंगे।

अपने दूसरे ही संस्करण में मेबैंक चैम्पियनशिप में एशियन टूर के सभी शीर्ष 10 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

स्कॉट हेंड के पिछले वर्ष के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें खिताब के प्रबल दावेदारों में माना जा रहा है। पिछले वर्ष उन्होंने थाईलैंड क्लासिक और क्वींस कप दो एशियन टूर खिताब जीते।

2007 में एशियन टूर से जुड़ने के बाद से वह सबसे सफल खिलाड़ी बन चुके हैं और एशियन टूर में अब तक कुल नौ खिताब अपने नाम कर चुके हैं।

हेंड ने कहा, “सौजाना में अगले सप्ताह खेलने को लेकर मैं उत्साहित हूं। मैं इस कोर्स के बारे में काफी कुछ सुन रखा है और हमारे लिए यह एक शानदार टूर्नामेंट होगा। यहां फिर से जीत हासिल करना शानदार होगा।”

2015 में एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता भारत के स्टार खिलाड़ी लाहिड़ी के लिए मलेशिया हमेशा से खास रहा है। मलेशिया में वह एक खिताब जीत चुके हैं और कई बार शीर्ष-10 में रहे हैं।

गगनजीत भुल्लर, एस. चिक्का और शुभंकर शर्मा जैसे युवा भारतीय खिलाड़ियों से लैस भारतीय दल सौजाना कोर्स के लीडरबोर्ड में अहम उपस्थिति दर्ज कराना चाहेगा।

मेबैंक ओपन में हिस्सा लेने वाले कुछ अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों में पिछल वर्ष ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर रहे आस्ट्रेलिया के मार्कस फ्रेजर, मास्टर्स टूर्नामेंट चैम्पियन डैनी विलेट और पूर्व मेजर विजेता चार्ल श्वार्जेल शामिल हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493